कोरबा जिले में भाजपा उम्मीदवार के वाहन से 11:50 लाख रुपये नकद बरामद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 16 Nov 2023 07:16 PM
कोरबा जिले में भाजपा उम्मीदवार के वाहन से 11:50 लाख रुपये नकद बरामद
ऑडियो सुनें

कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक गांव में भाजपा उम्मीदवार के वाहन से कथित तौर पर 11.50 लाख रुपये नकद बरामद किये हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कोरबा जिले की पाली-तानाखार सीट से भाजपा उम्मीदवार रामदयाल उइके के वाहन से 11.50 लाख रुपए नकद बरामद किये गए हैं. इस दौरान उइके वाहन में मौजूद थे.

कोरबा जिले के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने पसान पुलिस थाना क्षेत्र (पाली-तानाखार निर्वाचन क्षेत्र) के तहत झुनकीड़ी गांव के पास उइके के वाहन (एक एसयूवी) को रोका और लगभग एक बजे पुलिस को इसकी सूचना दी.
शुक्ला ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली और 11.50 लाख रुपये नकद बरामद किए. उइके द्वारा नकदी के संबंध में दस्तावेज पेश करने में विफल रहने के बाद पुलिस ने नकदी और वाहन को जब्त कर लिया है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

पाली-तानाखार उन 70 सीटों में से एक है जहां दूसरे चरण में शुक्रवार को मतदान होगा. राज्य की कुल 90 सीटों में से 20 सीटों पर सात नवंबर को पहले चरण का मतदान हुआ था. वरिष्ठ आदिवासी नेता उइके ने 2018 में हुए विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ दी थी और भाजपा में चले गए थे.

उइके 1998 में मरवाही सीट से भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे. 2000 में राज्य गठन के बाद जब अजीत जोगी ने पहले मुख्यमंत्री के रूप शपथ ली तब उइके ने जोगी के लिए मरवाही सीट खाली कर दी थी. बाद में जोगी इस सीट से विधायक चुने गए.
उइके ने कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में 2003 में तानाखार (जो 2008 में परिसीमन के बाद पाली तानाखार बन गया) से तथा उसके बाद 2008 और 2013 में पाली तानाखार सीट से जीत हासिल की थी.

बाद में वह 2018 में भाजपा में लौट गए और पाली-तानाखार से चुनाव लड़ा लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार से हार गए. उइके को भाजपा ने पाली तानाखार से फिर से उम्मीदवार बनाया है, जहां कांग्रेस ने अपने मौजूदा विधायक को टिकट न देकर महिला उम्मीदवार दुलेश्वरी सिदार को मैदान में उतारा है. राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए नौ अक्टूबर को आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से बुधवार तक 73.90 करोड़ रुपये, अवैध शराब और अन्य सामान जब्त किया गया है. इसमें 20.15 करोड़ रुपये नकद शामिल है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu