ज्ञानवापी सर्वेक्षण : ASI ने रिपोर्ट सौंपने के लिए और 15 दिन का समय मांगा, 18 को होगी सुनवाई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 17 Nov 2023 06:42 PM
ज्ञानवापी सर्वेक्षण : ASI ने रिपोर्ट सौंपने के लिए और 15 दिन का समय मांगा, 18 को होगी सुनवाई
ऑडियो सुनें

वाराणसी. भारतीय पुरातात्विक सर्वेक्षण (एएसआई) ने ज्ञानवापी परिसर के वैज्ञानिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट सौंपने के लिए अदालत से शुक्रवार को 15 दिन का और समय देने की मांग की. केंद्र सरकार के अधिवक्ता वकील अमित श्रीवास्तव ने बताया कि अदालत इस मामले की सुनवाई शुक्रवार दोपहर को करने वाली थी, लेकिन अब इसे शनिवार को सुनेगी .

इससे पहले दो नवंबर को वाराणसी की अदालत ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के वैज्ञानिक सर्वे की रिपोर्ट सौंपने के लिए 17 नवंबर तक का समय दिया था. केंद्र सरकार के शासकीय अधिवक्ता अमित श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी की जिला अदालत ने सर्वे रिपोर्ट जमा करने के लिए आज 17 नवम्बर का समय दिया था. परंतु सर्वेक्षण में इस्तेमाल तकनीकी रिपोर्ट अभी नहीं आ पाने की वजह से एएसआई ने आज शुक्रवार को जिला जज ए के विश्वेश की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट अदालत के समक्ष जमा करने के लिए 15 दिन के और समय की मांग की है.

उन्होंने कहा कि अदालत ने इस मामले की सुनवाई के लिए 18 नवंबर की तिथि तय की है . एएसआई को इससे पहले छह अक्टूबर तक रिपोर्ट देनी थी लेकिन बाद में उसे तीन नवंबर तक इसे जमा करने के निर्देश दिये गये थे. अदालत ने 5 अक्टूबर को एएसआई को चार और सप्ताह का समय दिया था और कहा था कि सर्वेक्षण की अवधि इससे आगे नहीं बढ़ाई जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu