”मप्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर लोगों को मुफ्त चाय पिलाऊंगा”, चाय वाले की रोचक घोषणा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 Nov 2023 07:59 PM
ऑडियो सुनें

इंदौर. मध्यप्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों की तीन दिसंबर को होने वाली मतगणना से पहले इंदौर में एक चाय विक्रेता ने घोषणा की है कि सूबे की सत्ता में कांग्रेस की वापसी पर वह अपनी खुशी जताने के लिए चार दिसंबर को लोगों को मुफ्त चाय पिलाएगा. शहर के दवा बाजार में चाय की दुकान चलाने वाले दिलीप जैन ने अपने इस प्रतिष्ठान के बाहर इस दिलचस्प घोषणा का बैनर भी टांग रखा है जो लोगों का ध्यान खींच रहा है.

जैन ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा,”मैं कांग्रेस का कार्यकर्ता नहीं हूं, लेकिन मेरी दिली इच्छा है कि सूबे में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बने. अगर ऐसा होता है, तो मैं चार दिसंबर को सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक सबको मुफ्त चाय पिलाऊंगा.” उन्होंने अनुमान लगाया कि लोगों को मुफ्त चाय पिलाने में उन्हें कम से कम 10,000 रुपये का खर्च आएगा. जैन कांग्रेस के पुराने समर्थक हैं और उनका दावा है कि महंगाई से जूझता मध्यमवर्गीय तबका भाजपा सरकार की नीतियों से ऊब चुका है.

चाय विक्रेता ने कहा कि उन्होंने 2018 के विधानसभा चुनावों के दौरान भी घोषणा की थी कि अगर कांग्रेस इंदौर जिले की नौ सीटों में से पांच सीटें जीतती है, तो वह लोगों को एक दिन मुफ्त चाय पिलाएंगे. जैन ने कहा कि पांच साल पहले हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस इन नौ सीटों में से चार सीटें जीत सकी थी, इसलिए उन्होंने लोगों को मुफ्त चाय पिलाने की घोषणा पर अमल नहीं किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu