‘इंडिया’ की अगली बैठक के एजंडे में शीर्ष पर होगा सीट बंटवारे का मुद्दा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 07 Dec 2023 08:13 PM
‘इंडिया’ की अगली बैठक के एजंडे में शीर्ष पर होगा सीट बंटवारे का मुद्दा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की अगली बैठक के एजंडे में अगले लोकसभा चुनाव के लिए घटक दलों के बीच सीटों के तालमेल का मुद्दा शीर्ष पर होगा. सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. ‘इंडिया’ गठबंधन की अगली बैठक 17 से 20 दिसंबर के बीच होगी. सूत्रों के मुताबिक, बैठक की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन बैठक दिसंबर के तीसरे हफ्ते में होगी.

‘इंडिया’ गठबंधन के कई घटक विभिन्न राज्यों में सीट बंटवारे पर तेजी से निर्णय लेने के लिए दबाव डाल रहे हैं ताकि उम्मीदवारों को प्रचार के लिए पर्याप्त समय मिल सके और जमीनी स्तर पर स्थिति का आकलन किया जा सके. इंडिया के 17 घटक दलों के संसदीय दल के नेताओं ने बुधवार को यहां बैठक की थी जिसमें संसद के वर्तमान शीतकालीन सत्र से जुड़े मुद्दों और 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आगे की रणनीति पर चर्चा की गई.

कांग्रेस का कहना है कि गठबंधन के घटक दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक की तारीख के बारे में एक-दो दिन में घोषणा की जाएगी.
अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुकाबला करने के लिए 26 विपक्षी दलों ने ‘इंडिया’ गठबंधन बनाया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu