कर्नाटक में गिर सकती है कांग्रेस की सरकार: कुमारस्वामी का दावा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Dec 2023 09:31 PM
कर्नाटक में गिर सकती है कांग्रेस की सरकार: कुमारस्वामी का दावा
ऑडियो सुनें

हासन. जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच.डी. कुमारस्वामी ने रविवार को दावा किया कि सत्तारूढ़ कांग्रेस के एक ‘प्रभावशाली मंत्री’ केंद्र द्वारा उनके खिलाफ दर्ज ‘मामलों’ से बचना चाहते हैं, जिसके कारण वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो सकते हैं. पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने दावा किया कि मंत्री ’50 से 60 विधायकों’ के साथ कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो सकते हैं और वह वर्तमान में भाजपा के नेताओं के साथ ”बातचीत” कर रहे हैं.

जद (एस) नेता ने संवाददाताओं से कहा, ”कांग्रेस सरकार में सब कुछ ठीक नहीं है. मुझे नहीं पता कि यह सरकार कब गिर जाएगी. एक प्रभावशाली मंत्री अपने खिलाफ दर्ज मामलों से बचने के लिये बेताब हैं.” कुमारस्वामी ने कहा कि केंद्र ने उनके खिलाफ ऐसे मामले दर्ज किए हैं, जिनसे ”बच” निकलने की कोई संभावना नहीं है.

जब कुमारस्वामी से नेता का नाम पूछा गया तो उन्होंने कहा कि छोटे नेताओं से ऐसे ”निर्भीक” कदम की उम्मीद नहीं की जा सकती. उन्होंने कहा कि केवल ”प्रभावशाली लोग” ही ऐसा कर सकते हैं. जद (एस) के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कर्नाटक में किसी भी समय ”महाराष्ट्र जैसा कुछ” हो सकता है. उन्होंने कहा, ”मौजूदा राजनीतिक माहौल को देखते हुए, कुछ भी हो सकता है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu