भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 14 Dec 2023 07:13 PM
भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. संसद की सुरक्षा में हुई चूक के एक दिन बाद कर्नाटक में कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को भाजपा पर हमला तेज कर दिया और इसे ”घोर खुफिया विफलता” करार दिया. कांग्रेस ने आरोपियों को संसद के निचले सदन में प्रवेश की अनुमति दिलवाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मैसूरु से सांसद प्रताप सिम्हा की तत्काल गिरफ्तारी तथा उनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए आज शहर में प्रदर्शन किया.

प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां थीं और वे बैनर लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए यहां रेसकोर्स रोड स्थित कांग्रेस भवन तक मार्च निकाला. कांग्रेस के पूर्व सांसद और पार्टी प्रवक्ता वीएस उगरप्पा ने एक संवाददाता सम्मेलन में संसद में हुई घटना की निंदा की और इसे ”घोर खुफिया विफलता” करार दिया.

उगरप्पा ने कहा, ”यह सरकार अगर एक छोटे से संसद भवन की रक्षा नहीं कर सकती तो 140 करोड़ लोगों के देश की रक्षा कैसे कर सकती है.” वर्ष 2001 में संसद पर हुए आतंकवादी हमले की बरसी के दिन बुधवार को एक बड़ी सुरक्षा चूक में दो व्यक्ति- सागर शर्मा और मनोरंजन डी शून्यकाल के दौरान दर्शक दीर्घा से लोकसभा कक्ष में कूद गए और केन से पीले रंग की गैस छोड़ी. हालांकि, सांसदों ने उन्हें पकड़ लिया.

लगभग उसी समय, एक महिला सहित दो अन्य लोगों ने संसद भवन के बाहर नारे लगाए और केन से पीले रंग का धुआं छोड़ा, जिससे पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu