नयी दिल्ली. संसदीय कार्यवाही बाधित करने के लिए विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए भाजपा ने बृहस्पतिवार को कहा कि संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने की घटना का विवरण जैसे-जैसे सामने आ रहा है, यह स्पष्ट होता जा रहा है कि लोकसभा में घुसने वाले आरोपियों का ”डीएनए कांग्रेस-वामपंथी विचारधारा से जुड़ा हुआ है.”
लोकसभा में विपक्षी सदस्यों ने संसद की सुरक्षा में चूक के मुद्दे पर सरकार से जवाब की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को भारी हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही दो बार के स्थगन के बाद शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
सदन में आसन की अवमानना के लिए विपक्ष के 14 सदस्यों को मौजूदा शीतकालीन सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित भी कर दिया गया.
विपक्ष पर निशाना साधते हुए भाजपा आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”जैसे-जैसे विवरण सामने आ रहे हैं, यह स्पष्ट हो रहा है कि संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों का ‘डीएनए’ कांग्रेस-वामपंथी विचारधारा से जुड़ा हुआ है.” भाजपा के राज्यसभा सदस्य राकेश सिन्हा ने विपक्षी दलों पर ”संसदीय लोकतंत्र की नींव को कमजोर करने” का आरोप लगाया.
उन्होंने संसद परिसर में ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”यह सिर्फ आज की बात नहीं है. पिछले सत्र में उन्होंने (विपक्ष) शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं चलने दिया था.”