भाजपा महासचिव के रूप में अब भी ‘‘बड़ी भूमिका’’ में हूं : विजयवर्गीय

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 16 Dec 2023 04:01 PM
भाजपा महासचिव के रूप में अब भी ‘‘बड़ी भूमिका’’ में हूं : विजयवर्गीय
ऑडियो सुनें

इंदौर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायक कैलाश विजयवर्गीय ने शनिवार को कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में वह अब भी बड़ी भूमिका में हैं। इंदौर-1 से विधायक चुने गए विजयवर्गीय ने यह बात ऐसे वक्त कही, जब डॉ. मोहन यादव के मुख्यमंत्री पद की कमान संभालने के बाद मध्यप्रदेश की राजनीति में विजयवर्गीय और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं की आगामी भूमिका को लेकर अटकलें तेज हो रही हैं। सियासी समीक्षक विजयवर्गीय को भी मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में गिन रहे थे।

यह पूछे जाने पर कि क्या आने वाले दिनों में विजयवर्गीय सूबे में बड़ी भूमिका में नजर आएंगे, भाजपा के 67 वर्षीय नेता ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया में कहा,‘‘मैं अब भी बड़ी भूमिका में हूं। मैं भाजपा का महामंत्री हूं।’’ यादव की अगुवाई वाली भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल के प्रतीक्षित गठन पर उन्होंने कहा कि पार्टी की 17 दिसंबर को आयोजित एक बैठक में इस विषय में निर्णय हो जाएगा।

झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू का नाम लिए बगैर विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस के एक सांसद से कथित तौर पर जुड़े परिसरों से करीब 400 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति मिलने के मामले को दबाने के लिए संसद की सुरक्षा में चूक के हालिया मामले को विपक्ष जबर्दस्ती तूल दे रहा है।

उन्होंने कहा कि संसद की सुरक्षा में चूक के मामले की जांच की जा रही है और खुद गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार इस प्रकरण की तह तक जाएगी। भाजपा महासचिव ने आगे कहा,‘‘इसके बावजूद यदि विपक्ष के लोग संसद में हंगामा कर रहे हैं, तो लगता है कि उनका इरादा नेक नहीं है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav