नयी दिल्ली/कोलकाता. कांग्रेस ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर संसद में सुरक्षा चूक मामले पर बहस से भागने का आरोप लगाया और कहा कि इसका कारण यह है कि सदन में कूदने वाले युवकों को प्रवेश की सुविधा देने में मैसूर के भाजपा सांसद की भूमिका पर सवाल उठाए जाएंगे.
मोदी की कहा है कि संसद में सुरक्षा चूक की गंभीरता को कम करके नहीं आंका जा सकता है. प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी के बाद विपक्षी दल कांग्रेस ने हमला बोला है. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”प्रधानमंत्री ने आखिरकार 13 दिसंबर को लोकसभा में हुई असाधारण घटना पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. उनका (प्रधानमंत्री) कहना है कि बहस की नहीं बल्कि जांच की जरूरत है और मामले की जांच चल रही है.” रमेश ने कहा, ”इंडिया गठबंधन के सभी दल गृह मंत्री के बयान की मांग कर रहे हैं और इसके लिए दबाव डालना जारी रखेंगे कि 13 दिसंबर को क्या हुआ, और वास्तव में यह कैसे हुआ.”
उन्होंने दावा किया, ”प्रधानमंत्री बहुत साधारण वजह से बहस से भाग रहे हैं क्योंकि 13 दिसंबर को लोकसभा में (दो युवकों के) प्रवेश को सुविधाजनक बनाने में मैसूर के भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा की भूमिका पर सवाल उठाए जाएंगे.” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि संसद की सुरक्षा में सेंध काफी गंभीर मामला है और विपक्ष को इस मामले को लेकर विवाद नहीं खड़ा करना चाहिए.
मोदी ने हिंदी समाचार पत्र ‘दैनिक जागरण’ के साथ साक्षात्कार के दौरान कहा कि जांच एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं और कड़े कदम उठा रही हैं. उन्होंने कहा कि इस हमले में शामिल लोगों और उनके मकसद की गहराई तक पहुंचना भी उतना ही जरूरी है.
समाचार पत्र के अनुसार, मोदी ने सुरक्षा में सेंध की इस घटना को ”पीड़ादायक और चिंताजनक” बताया. उन्होंने कहा, ”सभी को एक साथ समाधान खोजने का प्रयास करना चाहिए. ऐसे मुद्दे पर वाद-विवाद या प्रतिरोध से सभी को बचना चाहिए.”
संसद की सुरक्षा में चूक गंभीर मामला : ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नये संसद भवन में सुरक्षा चूक मामले पर रविवार को चिंता व्यक्त की और कहा कि यह काफी गंभीर मामला है. बनर्जी ने दिल्ली रवाना होने से पहले यहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ”संसद की सुरक्षा में सेंध एक गंभीर मामला है. एक बड़ी चूक हुई…केंद्रीय गृह मंत्री पहले ही यह स्वीकार कर चुके हैं. उन्हें इसकी जांच करने दीजिए.”
बनर्जी ने स्वास्थ्य केंद्रों को भगवा रंग में रंगने संबंधी केंद्र के निर्देश का जिक्र करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि पार्टी यह भी तय करने की कोशिश कर रही है कि लोगों को क्या खाना या पहनना चाहिए. तृणमूल कांग्रेस प्रमुख बनर्जी विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की बैठक में भाग लेने के लिए राष्ट्रीय राजधानी की यात्रा पर रवाना हुई हैं. पश्चिम बंगाल की बकाया धनराशि जारी करने की मांग को लेकर वह 20 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मुलाकात करेंगी.
धारावी परियोजना अडाणी समूह को दिए जाने पर कांग्रेस ने कहा: ‘आधुनिक भारत में सबसे बड़ी लूट जारी’
कांग्रेस ने धारावी पुर्निवकास परियोजना अडाणी समूह को दिये जाने को लेकर रविवार को सरकार की आलोचना की और कहा कि यह इस बात का उदाहरण है कि लोगों की कीमत पर समूह कैसे समृद्ध हो रहा है. कांग्रेस का यह बयान धारावी पुर्निवकास परियोजना के खिलाफ मुंबई में विरोध प्रदर्शन के एक दिन बाद आया है.
बयान में कहा गया है कि सत्तारूढ़ दल के “पूर्ण समर्थन” के साथ पूरी जनता के सामने ”आधुनिक भारत में सबसे बड़ी लूट जारी है”.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक बयान में आरोप लगाया कि “मोदानी महाघोटाले” की अनोखी विशेषता सिर्फ यह नहीं है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने “करीबी मित्रों” को लाखों करोड़ रुपये का लाभ पहुंचा रहे हैं और ‘मोदी-मेड मोनोपॉली’ (3एम) स्थापित कर रहे हैं बल्कि यह भी है कि ये पैसा सीधे आम भारतीयों की जेब से आ रहा है.
उन्होंने कहा, ह्लहम पहले से ही जानते हैं कि लाखों बिजली उपभोक्ता अधिक बिल वाले कोयले के आयात की बढ़ी हुई लागत वहन कर रहे हैं और मध्यम वर्ग के यात्रियों को ‘मोदानी’ द्वारा बढ़ाये गये हवाई अड्डा शुल्क का भुगतान करना पड़ रहा है.ह्व कांग्रेस अडाणी समूह पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार से गलत तरीके से फायदा उठाने का आरोप लगाते हुए हमलावर रही है. हालांकि अडाणी समूह आरोपों को खारिज करता रहा है.