जयपुर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक कालीचरण सराफ को राजस्थान विधानसभा का अस्थायी अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) बनाया गया है. उन्होंने सोमवार शाम यहां शपथ ली. राजभवन के प्रवक्ता के अनुसार, राज्यपाल कलराज मिश्र ने सोमवार शाम राजभवन में एक समारोह में पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक कालीचरण सराफ को राजस्थान विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष की शपथ दिलाई.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा सहित अन्य नेता मौजूद थे. राज्यपाल मिश्र ने उनके साथ सहयोग के लिए तीन सदस्यीय पैनल भी बनाया है. इसमें वरिष्ठ विधायक दयाराम परमार, प्रताप सिंह सिंघवी और किरोड़ी लाल मीणा शामिल हैं.