
दुबई/नयी दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क मंगलवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग की खिलाड़ियों की नीलामी में टीम के अपने गेंदबाजी जोड़ीदार और कप्तान पैट कमिंस को पछाड़कर 24 करोड़ 75 लाख रुपये के साथ आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने जबकि इस दौरान तेज गेंदबाजों के लिए बड़ी बोली लगी.
सनराइजर्स हैदराबाद के रिकॉर्ड 20 करोड़ 50 लाख रुपये में कमिंस को अपने साथ जोड़ने के कुछ ही घंटों बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्टार्क के लिए 24 करोड़ 75 लाख रुपये की बोली लगाई. स्टार्क पिछली बार 2015 में आईपीएल में खेले थे.
स्टार्क को पिछले साल 18 करोड़ 50 लाख रुपये की रिकॉर्ड बोली हासिल करने वाले इंग्लैंड के सैम कुरेन से काफी अधिक राशि मिली. कुरेन को पंजाब किंग्स ने खरीदा था.
आईपीएल की हैरान करने वाली बोली का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया तेज गेंदबाजी तिकड़ी में शामिल जोश हेजलवुड के लिए किसी टीम ने बोली नहीं लगाई. उनका आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था. गुजरात टाइटंस और नाइट राइडर्स के बीच स्टार्क को लेकर रस्साकशी देखने को मिली लेकिन अंतत: कोलकाता की टीम बाजी मारने में सफल रही.
तैंतीस साल के स्टार्क आम तौर पर आईपीएल पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को तरजीह देते हैं लेकिन आईपीएल तुरंत बाद होने वाले टी20 विश्व कप को देखते हुए उन्होंने इस लुभावनी टी20 लीग की नीलामी में उतरने का फैसला किया. स्टार्क आईपीएल के सिर्फ दो सत्र में खेले हैं जिसमें उन्होंने 27 मैच में 20.38 की औसत से 34 विकेट चटकाए हैं. इसके विपरीत कमिंस आईपीएल में नियमित तौर पर खेलते आए हैं लेकिन एशेज और एकदिवसीय विश्व कप पर ध्यान देने के लिए 2023 टूर्नामेंट में नहीं खेले थे.
कमिंस के लिए भी फ्रेंचाइजी के बीच कड़ी जंग देखने को मिली. मुंबई इंडियन्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर, चेन्नई सुपरकिंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने उनके लिए लगातार बोली लगाई. अंत में कमिंस सनराइजर्स की झोली में गए और उस समय आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने. आईपीएल नीलामी में कमिंस पर पहली बार बड़ी बोली नहीं लगी है. 2020 के टूर्नामेंट से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 15 करोड़ 50 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा था.
स्टार्क मंगलवार को इतिहास रचने के बाद हैरान दिखे. उन्होंने प्रसारणकर्ता से कहा, ”बेशक मैं हैरान हूं. मेरी पत्नी एलिसा (हीली) महिला टीम के साथ भारत में है इसलिए उसे मैं स्क्रीन पर जो देख रहा हूं उससे जल्दी अपडेट मिल रहे थे. हैरान लेकिन रोमांचित हूं.” आईपीएल से दूर रहने के संदर्भ में उन्होंने कहा, ”हां, काफी समय हो गया. मैं 2014-15 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की ओर से खेला था, फिर 2018 में केकेआर ने चुना लेकिन चोटिल हो गया लेकिन मैंने ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और टेस्ट क्रिकेट खेलने को प्राथमिकता दी है.”
अन्य तेज गेंदबाजों में हर्षल पटेल (11.75 करोड़ में पंजाब किंग्स), अल्जारी जोसेफ (11.50 करोड़ में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर), स्पेंसर जॉनसन (10 करोड़ में गुजरात टाइटंस), शिवम मावी (6.40 करोड़ में लखनऊ सुपरजाइंट्स), उमेश यादव (5.80 करोड़ में गुजरात टाइटंस), गेराल्ड कोएट्जी (पांच करोड़ में मुंबई इंडियन्स) और शारदुल ठाकुर (चार करोड़ में चेन्नई सुपरकिंग्स) के लिए फ्रेंचाइजियों ने बड़ी बोली लगाई.
नीलामी से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर द्वारा छोड़े गए हर्षल पर नीलामी के दौरान टीमों ने खासी दिलचस्पी दिखाई और भारतीय टीम से बाहर चल रहे इस तेज गेंदबाज को अंतत: पंजाब किंग्स ने खरीदा. बल्लेबाजों के वर्ग में एकदिवसीय विश्व कप में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल के लिए चेन्नई सुपरकिंग्स ने 14 करोड़ रुपये की भारी भरकम बोली लगाई.
सनराइजर्स ने विश्व कप फाइनल के हीरो ट्रेविस हेड को भी छह करोड़ 80 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा. भारत के खिलाफ विश्व कप फाइनल में मैच विजयी शतक जड़ने के अलावा रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में शानदार प्रदर्शन करने वाले हेड के लिए गत चैंपियन सुपरकिंग्स और सनराइजर्स ने बोली लगाई. आईपीएल 2016 चैंपियन सनराइजर्स ने अंतत: इस विकेटकीपर बल्लेबाज को अपने साथ जोड़ा.
एकदिवसीय विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले न्यूजीलैंड के बल्लेबाज रचिन रविंद्र को सुपरकिंग्स ने एक करोड़ 80 लाख रुपये में खरीदा. उनका आधार मूल्य 50 लाख रुपये था. वेस्टइंडीज के टी20 कप्तान रोवमैन पावेल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले बल्लेबाजों में सबसे महंगे खिलाड़ी रहे. उनके लिए राजस्थान रॉयल्स ने सात करोड़ 40 लाख रुपये खर्च किए.
पावेल का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये था और वह इस छोटी नीलामी में नीलामी के लिए आने वाले पहले खिलाड़ी थे. तीन फ्रेंचाइजी ने पावेल को अपने साथ जोड़ने में दिलचस्पी दिलाई थी और अंतत: राजस्थान रॉयल्स ने इस आक्रामक बल्लेबाज को अपने साथ जोड़ा. पावेल कैरेबियाई प्रीमियर लीग (सीपीएल) में भी रॉयल्स की टीम बारबडोस रॉयल्स की अगुआई करते हैं.
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ, भारत के मनीष पांडे और दक्षिण अफ्रीका के रिली रोसेयु के लिए किसी ने बोली नहीं लगाई. इंग्लैंड के हैरी ब्रूक को दिल्ली कैपिटल्स ने चार करोड़ रुपये में खरीदा. मुंबई इंडियन्स ने दक्षिण अफ्रीका के युवा तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएटजी पर पांच करोड़ रुपये खर्च किए जबकि भारतीय ऑलराउंडर शारदुल ठाकुर चार करोड़ रुपये में एक बार फिर चेन्नई सुपरकिंग्स से जुड़े.
नीलामी में भारत के घरेलू क्रिकेटरों को भी जीवन बदलने वाले करार मिलते रहे हैं और मंगलवार को भी ऐसा ही हुआ. उत्तर प्रदेश के 20 साल के समीर रिज्वी को सुपरकिंग्स ने आठ करोड़ 40 लाख रुपये में खरीदा. रिज्वी को घरेलू क्रिकेट र्सिकट में छक्के मारने की उनकी क्षमता के लिए जाना जाता है. उत्तर प्रदेश टी20 लीग और अंडर-23 टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन ने उन्हें सुपरकिंग्स का अनुबंध दिलाने में अहम भूमिका निभाई. बीस साल के एक अन्य आक्रामक बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को दिल्ली कैपिटल्स ने सात करोड़ 20 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा.
आईपीएल इतिहास के 10 सबसे महंगे खिलाड़ी
इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में सबसे महंगे खरीदे गए शीर्ष 10 खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है:
खिलाड़ी/ देश/ टीम/ आधार मूल्य बिक्री मूल्य (करोड़ रुपये) / सत्र
मिशेल स्टार्क ऑस्ट्रेलिया नाइट राइडर्स दो करोड़ 24.75 2024
पैट कमिंस ऑस्ट्रेलिया सनराइजर्स दो करोड़ 20.50 2024
सैम कुरेन इंग्लैंड पंजाब किंग्स दो करोड़ 18.50 2023
कैमरन ग्रीन ऑस्ट्रेलिया मुंबई इंडियन्स दो करोड़ 17.50 2023
बेन स्टोक्स इंग्लैंड सुपरकिंग्स दो करोड़ 16.25 2023
क्रिस मौरिस दक्षिण अफ्रीका रॉयल्स 75 लाख 16.25 2021
निकोलस पूरन वेस्टइंडीज सुपरजाइंट्स दो करोड़ 16.00 2023
युवराज सिंह भारत दिल्ली दो करोड़ 16.00 2015
पैट कमिंस ऑस्ट्रेलिया नाइट राइडर्स दो करोड़ 15.50 2020
इशान किशन भारत मुंबई इंडियन्स दो करोड़ 15.25 2022.
रिज्वी के लिए 8.40 करोड़ रुपये की बोली लगने से बीमार पिता के चेहरे पर लौटी खुशी
समीर रिज्वी और उनके चाचा तनकीब अख्तर उस समय अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके जब मंगलवार को आईपीएल नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच इस युवा खिलाड़ी के लिए बोली की होड़ दिखी. उत्तर प्रदेश के इस 20 वर्षीय बल्लेबाज को आखिरकार 8.40 करोड़ रुपये की बोली के साथ चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा.
रिज्वी परिवार के लिए बड़े संघर्षों के बाद यह नया मोड़ आया क्योंकि उनके पिता हसीन खराब स्वास्थ्य के कारण काम करने में सक्षम नहीं हैं. अब शारीरिक रूप से काफी कमजोर हो चुके हसीन अपने बेटे पर गौरवान्वित है. उन्हें उम्मीद है कि उनका बेटा अब उनके लिए सर्वोत्तम चिकित्सा उपचार का खर्च उठाने में सक्षम होगा.
तनकीब ने मेरठ से ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”हम उम्मीद कर रहे थे कि नीलामी में समीर को कोई टीम चुनेगी. लेकिन हमने कभी नहीं सोचा था कि इतनी बड़ी रकम मिलेगी या चेन्नई सुपर किंग्स उनके लिए बोली लगाएगी.” उन्होंने कहा, ”समीर की बहुत सारी महत्वाकांक्षाएं हैं. एक अच्छा घर, अपने पिता का उचित इलाज और इस तरह की बहुत सी चीजें. अल्लाह दुआ करे, वह इन सभी को पूरा कर सकता है.” समीर इस बात से काफी रोमांचित हैं कि आखिरकार वह (महेंद्र सिंह) धोनी से करीब से मिल सकेंगे. धोनी उसके आदर्श खिलाड़ी हैं.” रिज्वी ने भी सुपर किंग्स के लिए खेलने के मौके को लेकर अपना उत्साह साझा किया लेकिन स्वीकार किया कि जब नीलामी में उनका नाम आया तो वह घबरा गए थे.
उसने जियो सिनेमा कहा, ”मैंने देखा कि मुझसे पहले के चार-पांच खिलाड़ियों के लिए बोली नहीं लगी. मैं उस समय घबरा गया था. लेकिन वह (धोनी) हमेशा से मेरे आदर्श रहे हैं. मैं बहुत उत्साहित हूं, फिर भी उनसे मिलने की संभावना को लेकर घबराया हुआ हूं. मैंने उन्हें सामने से कभी नहीं देखा है.” रिज्वी को घरेलू क्रिकेट र्सिकट में छक्के मारने की उनकी क्षमता के लिए जाना जाता है. उत्तर प्रदेश टी20 लीग और अंडर-23 टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन ने उन्हें सुपर किंग्स का अनुबंध दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
रिज्वी ने यूपी टी20 लीग के दौरान कानपुर सुपर स्टार्स के लिए खेलते हुए नौ मैचों में 455 रन बनाए, जिसमें 47 गेंदों पर टूर्नामेंट का सबसे तेज शतक भी शामिल है. रिज्वी ने उस फॉर्म को राज्य अंडर-23 टूर्नामेंट में जारी रखा जहां उन्होंने सात मैचों में 454 रन बनाए. इस दौरान इस युवा बल्लेबाज ने उन टूर्नामेंटों में 16 मैचों में 72 छक्के लगाए.
तनखीब ने कहा, ”यह उसका नैर्सिगक खेल है. वह कम उम्र से ही बड़े शॉट लगाने वाला बल्लेबाज है. उसने नीतीश राणा और रिंकू सिंह (यूपी टी20 लीग में) जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ बातचीत की है और खेला है और उन्होंने उसे अपना स्वाभाविक खेल खेलने की सलाह दी है.”



