उज्जवला योजना की लाभार्थी के घर पहुंचकर प्रधानमंत्री ने चाय पी

अयोध्या. प्रधानमंत्री नरेन्­द्र मोदी शनिवार को अपने अयोध्या दौरे में लता मंगेशकर चौक के करीब स्थित एक मोहल्ले में उज्­ज्­वला योजना की 10 करोड़वीं लाभार्थी मीरा से उनके घर मुलाकात की और चाय पी. प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में रैली को संबोधित करते हुए स्वयं इस बात का उल्लेख किया. उन्होंने कहा, ”आज मुझे उज्­ज्­वला गैस कनेक्शन की 10 करोड़वीं लाभार्थी के घर जाकर चाय पीने का अवसर मिला.”

उन्होंने एक मई 2016 को बलिया से उज्­ज्­वला योजना शुरुआत करने की याद दिलाते हुए कहा कि तब (विपक्ष द्वारा) इसका उपहास उड़ाया जाता था लेकिन उज्ज्वला योजना ने करोड़ों माताओं, बहनों का जीवन बदल दिया है. बाद में प्रधानमंत्री नरेन्­द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच पर अपने संदेश में कहा कि “भगवान श्री राम की नगरी में बहन मीरा मांझी के घर जाने का अनुभव अविस्मरणीय बन गया है!” शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री ने उज्­ज्­वला योजना की लाभार्थी के आवास पर चाय पी और उनसे संक्षिप्त बातचीत की. मोदी का यह कार्यक्रम पहले से निर्धारित नहीं था. ऐसे में प्रधानमंत्री के मीरा के घर अचानक पहुंचने पर पूरी बस्ती के लोग हैरान रह गए. उनके पहुंचने पर पूरा क्षेत्र मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा. इस दौरान मोदी ने मीरा के हाथों की बनी चाय पी और कहा कि ”चाय अच्छी है, मगर थोड़ी मीठी हो गयी है.”

बयान में कहा गया कि इसके साथ ही मोदी ने परिवार व पूरी बस्ती का हाल-चाल जाना. मोदी लाभार्थी मीरा के परिवार वालों से भी मिले. इस दौरान मोदी ने योजना के लाभ के बारे में जानकारी ली. इस पर मीरा ने मोदी से कहा कि ”मुझे नि:शुल्­क गैस और आवास मिल गया है. वह बोलीं, ”पहले मेरा कच्चा घर था पर अब पक्का हो चुका है. आपके घर आने से बहुत खुशी हुई है.

इस मौके पर मोदी ने एक बच्चे को ऑटोग्राफ भी दिया. इसमें उन्होंने वंदे मातरम लिखा और स्थानीय बच्चों संग तस्वीर भी खिंचवाई.
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”अयोध्या में उज्ज्वला योजना की 10 करोड़वीं लाभार्थी बहन मीरा जी के घर पर उनके परिवार वालों से ‘चाय पे चर्चा’ हुई. इस दौरान यह जानकर मन को बहुत संतोष हुआ कि कैसे सरकारी योजनाओं से पूरे परिवार का जीवन आसान हुआ है.”

इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने मीरा को मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत लाभ मुहैया कराने का निर्णय लिया है. इस संबंध में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव को मीरा को यथाशीघ्र आयुष्मान कार्ड जारी करना सुनिश्चित करने को कहा है.

Related Articles

Back to top button