रयबाकिना बनी चैंपियन, दिमित्रोव को छह साल में पहला खिताब

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Jan 2024 09:26 PM
रयबाकिना बनी चैंपियन, दिमित्रोव को छह साल में पहला खिताब
ऑडियो सुनें

ब्रिस्बेन. ऐलेना रयबाकिना ने बेहतरीन खेल का नजारा पेश करते हुए रविवार को यहां शीर्ष वरीयता प्राप्त आर्यना सबालेंका को सीधे सेटों में हराकर ब्रिस्बेन इंटरनेशनल टेनिस टूर्नामेंट में महिला एकल का खिताब जीता. दूसरी वरीयता प्राप्त रयबाकिना ने फाइनल में सबालेंका को आसानी से 6-0, 6-3 से हराकर अपने करियर का छठा खिताब जीता तथा ऑस्ट्रेलियाई ओपन के लिए अपनी तैयारी का पुख्ता नमूना भी पेश किया.

इससे पहले इन दोनों खिलाड़ियों के बीच जो सात मुकाबले हुए थे उनमें से पांच में सबालेंका ने जीत दर्ज की थी लेकिन रविवार को विश्व में चौथे नंबर की खिलाड़ी रयबाकिना के ग्राउंडस्ट्रोक्स का उनके पास कोई जवाब नहीं था. सबालेंका ने पिछले साल रयबाकिना को हराकर ऑस्ट्रेलियाई ओपन का खिताब जीता था लेकिन यहां पहले सेट में उन्होंने अपनी तीन र्सिवस गंवाई. रयबाकिना ने पहला सेट केवल 24 मिनट में जीता.

रयबाकिना ने दूसरे सेट के तीसरे गेम में अपनी र्सिवस गंवाई लेकिन उन्होंने तुरंत ही अगले गंम में ब्रेक प्वाइंट लेकर हिसाब बराबर कर दिया. इसके बाद उन्होंने मैच जीतने में ज्यादा समय नहीं लगाया. पुरुष एकल के फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त ग्रिगोर दिमित्रोव ने शीर्ष वरीयता प्राप्त होल्गर रूने को 7-6 (5), 6-4 से हराकर छह साल में अपना पहला खिताब जीता.

यह मैच दो घंटे 13 मिनट तक चला और केवल एक बार किसी खिलाड़ी की र्सिवस टूटी. पहले सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. दिमित्रोव ने टाइब्रेकर में यह सेट अपने नाम किया. उन्होंने दूसरे सेट के आठवें गेम में रून की र्सिवस तोड़कर 4-3 से बढ़त बनाई और फिर अपनी र्सिवस पर मैच जीता. विश्व में 14वें नंबर के खिलाड़ी दिमित्रोव का यह करियर का नौवां और 2017 में एटीपी फाइनल्स के बाद पहला खिताब है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu