तेंदुलकर ने अपने फर्जी वीडियो का खुलासा किया, तकनीक के दुरुपयोग पर चिंता जताई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Jan 2024 09:21 PM
तेंदुलकर ने अपने फर्जी वीडियो का खुलासा किया, तकनीक के दुरुपयोग पर चिंता जताई
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने सोमवार को उस वीडियो को फर्जी करार दिया जिसमें उन्हें गेमिंग से जुड़े एक एप्लिकेशन (ऐप) का प्रचार करते हुए दिखाया गया है जो उपयोगकर्ताओं को आसानी से पैसे कमाने का लालच देता है. इस वीडियो में तेंदुलकर को इस एप्लिकेशन की खूबियों के बारे में बताते हुए दिखाया गया है. वह कह रहे हैं कि उन्हें नहीं पता था कि पैसा कमाना इतना आसान हो गया है तथा उनकी बेटी भी इसका उपयोग करती है.

सर्वकालिक महान क्रिकेटरों में से एक तेंदुलकर ने इस वीडियो के साथ संदेश पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने तकनीक के दुरुपयोग पर चिंता जताई है. तेंदुलकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा,”ये वीडियो फर्जी हैं. टेक्नोलॉजी का इस तरह से दुरुपयोग परेशान करने वाला है. सभी से अनुरोध है कि वे इस तरह के वीडियो, विज्ञापन और ऐप की बड़ी संख्या में रिपोर्ट करें.” इस वीडियो में उपयोग की गई आवाज तेंदुलकर से मिलती-जुलती है.

तेंदुलकर ने आगे लिखा,”सोशल मीडिया मंचों को शिकायतों के प्रति सतर्क और उत्तरदायी होने की जरूरत है. गलत सूचना और डीपफेक के प्रसार को रोकने के लिए उनकी तरफ से त्वरित कार्रवाई महत्वपूर्ण है.” केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने तेंदुलकर के पोस्ट के बाद कहा कि सरकार जल्दी ही सूचना प्रौद्योगिकी कानून के तहत कड़े नियम लेकर आयेगी .

उन्होंने एक्स पर तेंदुलकर को टैग करके लिखा ,” धन्यवाद सचिन . कृत्रिम मेधा का प्रयोग करके डीप फेक और गलत सूचना भारतीय उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और विश्वास को खतरा है . इस तरह के हानिकारक और कानून का उल्लंघन करने वाली चीजों को रोकने और हटाने के लिये प्लेटफॉर्म को प्रयास करने चाहिये .”

उन्होंने कहा ,” मंत्रालय द्वारा हाल ही में जारी परामर्श में कहा गया है कि प्लेटफ.ॉर्म को इसका सौ प्रतिशत पालन करना होगा . हम जल्द ही प्लेटफार्मों द्वारा इसका अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए आईटी कानून के तहत कड़े नियम लेकर आयेंगे .” पिछले कुछ अर्से में अभिनेता टॉम हैंक्स और अभिनेत्री रश्मिका मंधाना भी डीप फेक का शिकार हुए हैं. डीप फेक में किसी तस्वीर की रिकॉर्डिंग को तोड़ मरोड़कर किसी और को कुछ करते या कहते हुए दिखाया जाता है जबकि वास्तव में वह व्यक्ति है ही नहीं.

सचिन का डीपफेक वीडियो आने के बाद आईटी मंत्री ने दिए सख्त नियमों को अधिसूचित करने के संकेत

महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर से जुड़ा एक ‘डीपफेक’ वीडियो सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने डीपफेक को उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा एवं विश्वास के लिए खतरा बताते हुए सोमवार को कहा कि सरकार जल्द ही सोशल मीडिया मंचों के अनुपालन के लिए सख्त नियमों को अधिसूचित करेगी. सचिन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में अपने बारे में छेड़छाड़ कर बनाए गए एक वीडियो का जिक्र किया है. इस डीपफेक वीडियो में सचिन को एक गेमिंग ऐप का प्रचार करते हुए दिखाया गया है. उन्होंने इस पोस्ट में प्रौद्योगिकी के दुरुपयोग को लेकर चिंता भी जताई है.

सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स राज्यमंत्री चंद्रशेखर ने इस डीपफेक वीडियो को चिह्नित करने के लिए सचिन को धन्यवाद देते हुए अपनी पोस्ट में कहा, ”कृत्रिम मेधा (एआई) के जरिये डीपफेक और गलत सूचना का प्रसार भारतीय उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और विश्वास के लिए खतरा है. यह कानूनी उल्लंघन को दर्शाता है जिसे मंचों को रोकना और हटाना होगा.” चंद्रशेखर ने कहा कि आईटी मंत्रालय की तरफ से हाल में सोशल मीडिया मंचों के लिए जारी सलाह में दिए गए निर्देशों का पूरी तरह से पालन करने की जरूरत है.
मंत्री ने कहा, ”मंचों के स्तर पर अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए हम जल्द ही आईटी अधिनियम के तहत कड़े नियमों को अधिसूचित करेंगे.” एआई की मदद से तैयार किए गए फर्जी वीडियो में सचिन को एक गेमिंग ऐप की खूबियों की चर्चा करते हुए दिखाया गया है.

सचिन ने इस वीडियो को एक संदेश के साथ पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने प्रौद्योगिकी के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त की है. सचिन ने ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में लिखा, ”ये वीडियो फर्जी हैं. प्रौद्योगिकी का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग देखना परेशान करने वाला है. सभी लोगों से ऐसे वीडियो, विज्ञापनों और ऐप की बड़ी संख्या में रिपोर्ट करने का अनुरोध करता हूं.” उन्होंने सोशल मीडिया मंचों से शिकायतों को लेकर सतर्क रहने और उन पर प्रतिक्रिया देने का आह्वान भी किया है. उन्होंने कहा, ”गलत सूचना और डीपफेक के प्रसार को रोकने के लिए मंचों की ओर से तत्काल कार्रवाई महत्वपूर्ण है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu