सूर्योदय योजना प्रधानमंत्री का एक और जुमला : खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 23 Jan 2024 08:06 PM
सूर्योदय योजना प्रधानमंत्री का एक और जुमला : खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली.कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘प्रधानमंत्री सूर्योदय योजना’ को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक और जुमला करार देते हुए मंगलवार को कहा कि मौजूदा सरकार 10 वर्षों में 10 लाख घरों की छतों पर भी सोलर पैनल स्थापित नहीं कर पाई है.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार ‘प्रधानमंत्री सूर्योदय योजना’ आरंभ करेगी जिसके तहत एक करोड़ घरों की छतों (रूफटॉप) पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे.

खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”प्रधानमंत्री जी के जुमलों का सूर्य तक पहुंचना! कल प्रधानमंत्री ने एक करोड़ घरों की छतों पर सौर ऊर्जा पैनल स्थापित करने के नए लक्ष्य की घोषणा की. जमीनी हकीकत यह है कि भाजपा शासन के पिछले 10 वर्षों में 10 लाख घरों में भी छत पर सौर ऊर्जा पैनल नहीं लगा है.” उन्होंने दावा किया कि इससे पहले मोदी सरकार ने 2022 तक 40 गीगावॉट के पैनल की सौर क्षमता स्थापित करने का झूठा वादा किया था.

खरगे ने कहा, ”मोदी सरकार की बड़ी घोषणाओं की स्थिति इस प्रकार है: 40 गीगावाट के लक्ष्य का 70 प्रतिशत हिस्सा अधूरा है. उसमें से केवल 2.2 गीगावॉट के पैनल घरों पर स्थापित हैं. आवासों से उत्पन्न ऊर्जा स्थापित क्षमता का केवल 5वां हिस्सा रही है.” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”अपनी बड़ी विफलता के बाद, मोदी सरकार ने योजना में कोई नया वित्तपोषण किए बिना, इसे 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित कर दिया. चुनावी मौसम = भाजपा का जुमला सीजन!”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu