भाजपा असम की उन सभी सीट पर जीत हासिल करेगी जहां से राहुल की यात्रा गुजरी है : हिमंत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 25 Jan 2024 08:33 PM
भाजपा असम की उन सभी सीट पर जीत हासिल करेगी जहां से राहुल की यात्रा गुजरी है : हिमंत
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उन सभी निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल करेगी जहां से राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ गुजरी है. शर्मा ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कटाक्ष करते हुए कहा, “वह जहां भी प्रचार करेंगे, भाजपा को जीत मिलेगी. इस वजह से भाजपा को उनकी जरूरत है.” उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को गिरफ्तार किया जाएगा.

असम पुलिस ने यात्रा के दौरान स्वीकृत मार्ग से हटकर गुवाहाटी शहर में प्रवेश करने के लिए अपने समर्थकों को बैरिकेड तोड़ने के लिए उकसाने के आरोप में राहुल गांधी और कई अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है. कर्नाटक कांग्रेस के नेता प्रियंक खरगे ने आश्चर्य जताया कि अगर राहुल गांधी ने कानून तोड़ा है तो उन्हें अभी गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा है.

उन्होंने सोशल मीडिया में एक पोस्ट पर कहा, ”हिमंत जी लोकसभा चुनाव का इंतजार क्यों? यदि राहुल गांधी जी ने कानून तोड़ा है, तो आप आगे बढ.कर आवश्यक कार्रवाई क्यों नहीं करते?” खरगे ने कहा, “आप ऐसा नहीं करेंगे, क्योंकि आप पूरी तरह से जानते हैं कि वह (राहुल गांधी) सच बोलते हैं, आप मणिपुर में अपने पड़ोसियों के लिए खड़े नहीं हुए और असम के लोगों को लूट रहे हैं. वह केवल लोगों की भावनाओं को दोहरा रहे हैं जिससे आप भयभीत हो जाते हैं.”

उनके जवाब में शर्मा ने कहा, ”चुनाव के दौरान हमें राहुल गांधी की जरूरत है, भाई.” शर्मा के जवाब के बाद खरगे ने कहा,”भाईसाहब! दस साल बाद भी आपको अपने स्टार प्रचारक गोदी मीडिया, सीबीआई, आईटी, ईडी की जरूरत है. उन्हें समीकरण से बाहर निकालें और देख लें कि आपके महल ढह रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”आपका नेता संवाददाता सम्मेलन नहीं कर सकते और न ही टेलीप्रॉम्प्टर के बिना संबोधित कर सकते है, लोगों के साथ पदयात्रा की बात तो भूल ही जाइए.” शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान असम में यात्रा का आयोजन करना सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की राजनीतिक साजिश थी.

उन्होंने कहा, ”अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दिन उन्होंने (गांधी ने) सांप्रदायिक तनाव भड़काने के लिए अल्पसंख्यक बहुल जिलों नगांव और मोरीगांव की यात्रा करने का फैसला किया था.” शर्मा ने कहा, “हमें गुवाहाटी में गड़बड़ी पैदा करने के उनके इरादे की झलक मिल गई और हमने ऐसी कोशिशों को नाकाम कर दिया. राज्य सरकार को कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में रखना होता है.” यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस नेता के प्रति उनकी कोई व्यक्तिगत शिकायत है, मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा, ”हां, मुझे राहुल गांधी पसंद नहीं हैं. यह व्यक्तिगत है, लेकिन यह राजनीतिक रूप से तब परिलक्षित होगा जब पार्टी को 2019 की तुलना में कम वोट मिलेंगे और कांग्रेस ज्यादातर निर्वाचन क्षेत्रों में भारी अंतर से हार जाएगी.”

उन्होंने कहा कि एक मीडिया संगठन ने दावा किया है कि राहुल गांधी अपनी बस यात्रा के दौरान ‘बॉडी डबल’ का इस्तेमाल कर रहे थे, जिसका मतलब है कि जो व्यक्ति बस में बैठे थे और खिड़की से लोगों की ओर हाथ हिला रहे थे, वह ‘शायद राहुल गांधी नहीं थे’. यह पूछे जाने पर कि क्या राहुल गांधी ने वाकई ‘बॉडी डबल’ का इस्तेमाल किया था, शर्मा ने कहा कि इसकी जांच करना और सच्चाई का पता लगाना मीडिया का काम है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस महात्मा गांधी के दर्शन से हटकर शहरी नक्सलियों के दर्शन को मानने लगी है.

शर्मा ने असम में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान राहुल गांधी के साथ चल रहे कंटेनर की तस्वीरें दिखाईं और दावा किया, ”यह एक पांच सितारा यात्रा है जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते हैं. वहां एक भोजन कक्ष है और उन्होंने (राहुल गांधी) विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार किया गया भोजन नहीं खाया.” राहुल की यात्रा राज्य में 18 जनवरी को शुरू हुई थी और बृहस्पतिवार को यात्रा पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu