रणबीर कपूर, आलिया भट्ट को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता-अभिनेत्री के फिल्मफेयर खिताब

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Jan 2024 09:04 PM
रणबीर कपूर, आलिया भट्ट को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता-अभिनेत्री के फिल्मफेयर खिताब
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. गुजरात में आयोजित 69वें फिल्मफेयर अवार्ड्स समारोह में रणबीर कपूर को फिल्म ‘एनिमल’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और आलिया भट्ट को ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के खिताब से नवाजा गया. इस साल सर्वश्रेष्ठ फिल्म और निर्देशक के खिताब के लिए विधु विनोद चोपड़ा की ‘ट्वेल्थ फेल’ को चुना गया है.

गुजरात पर्यटन के साथ आयोजित 69वें ‘ुंडई फिल्मफेयर अवार्ड्स 2024 का आयोजन गिफ्ट सिटी, गुजरात में किया गया. पुरस्कार समारोह रविवार को संपन्न हुआ जिसकी मेजबानी करण जौहर, आयुष्मान खुराना और मनीष पॉल ने की. ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में अभिनय के लिए शबाना आजमी को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्मफेयर सम्मान से नवाजा गया.

करण जौहर निर्देशित इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ संवाद और ‘झुमका गिरा रे’ गाने के लिए सर्वश्रेष्ठ नृत्य-निर्देशन का सम्मान भी मिला.
अभिनेता विक्की कौशल यूं तो सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की श्रेणी के लिए नामित थे, लेकिन उन्हें शाहरुख खान की ‘डंकी’ में अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के खिताब से संतोष करना पड़ा.

इस साल ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ जैसी तीन बड़ी हिट देने के बावजूद शाहरुख खान इस बार विजेताओं की सूची में जगह नहीं बना पाए. उनकी फिल्म ‘जवान’ को सर्वश्रेष्ठ वीएफएक्स और एक्शन के लिए अवश्य चुना गया. ‘एनिमल’ ने सर्वश्रेष्ठ संगीत एलबम, पार्श्व संगीत का अवार्ड अपने नाम किया वहीं फिल्म के गीत ‘अर्जन वैली’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गायक का सम्मान भूपेंद्र बब्बल के नाम रहा.

फिल्म ‘ट्वेल्थ फेल’ के लिए अभिनेता विक्रांत मैसी ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (क्रिटिक्स) का फिल्मफेयर पुरस्कार जीता. फिल्म ने पटकथा और संपादन श्रेणियों में भी ट्रॉफी हासिल की. सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (क्रिटिक्स) की ट्रॉफी रानी मुखर्जी (‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे’) और शेफाली शाह (‘थ्री ऑफ अस’) ने साझा की. ‘थ्री ऑफ अस’ के निर्देशक अविनाश अरुण धावरे ने फिल्म की सिनेमैटोग्राफी के लिए सम्मान प्राप्त किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu