मौत की झूठी खबर के लिए सोशल मीडिया पर पूनम पांडे की जमकर फजीहत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sat, 03 Feb 2024 07:02 PM
मौत की झूठी खबर के लिए सोशल मीडिया पर पूनम पांडे की जमकर फजीहत
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेत्री-मॉडल पूनम पांडे की सर्वाइकल कैंसर से मौत का दावा और कुछ वक्त बाद सोशल मीडिया पर उनके फिर से पदार्पण के कारण इंटरनेट हो या बॉलीवुड हस्तियां सभी गुस्से में हैं. सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों से लेकर फिल्म जगत की कई हस्तियों ने इसे ‘भद्दा’, ‘शर्मनाक’ और ‘प्रचार का निचला स्तर’ करार दिया है. पांडे की टीम ने शुक्रवार को बीमारी से उनकी मौत की खबर सोशल मीडिया पर जारी की थी लेकिन बाद में यह खबर झूठी और अभिनेत्री द्वारा अपनाया एक हथकंडा निकली. पूनम ने शनिवार को एक वीडियो जारी कर स्वयं के ‘जिंदा’ होने की घोषणा की.

पांडे के मुताबिक, ऐसा करने के पीछे उनका मकसद सर्वाइकल कैंसर को लेकर जागरूकता फैलाना था. हालांकि पूनम पांडे की ये हरकत सोशल मीडिया पर प्रशंसकों और पूजा भट्ट, सारा खान, अली गोनी और राहुल वैद्य समेत फिल्म हस्तियों को अप्रिय लगी और सभी ने पूनम की जमकर आड़े लिया और एक बीमारी के प्रति इस तरह की शर्मनाक हरकत के लिए निंदा की. पांडे की कथित मृत्यु पर शोक प्रकट करने वाली पूजा भट्ट ने कहा कि उन्होंने अपना पहले वाला पोस्ट हटा दिया है.

पूजा ने कहा, ”मैंने कभी अपने ट्वीट नहीं हटाती लेकिन इस मामले में मैंने ऐसा किया. मैंने सर्वाइकल कैंसर से पूनम पांडे के निधन की खबर पर हैरानी जताई थी. क्यों?” टीवी कलाकार गोनी ने लिखा, ”प्रचार के घटिया हथकंडे से ज्यादा कुछ नहीं…आप लोगों को यह सब मजाक लग रहा है? आपका और आपकी टीम का बहिष्कार किया जाना चाहिए. सभी मीडिया पोर्टल, जिनपर हम विश्वास करते हैं…हमने आप पर भरोसा किया…आप सभी को शर्म आनी चाहिए.. ”

गायक और ‘बिग बॉस’ के पूर्व प्रतियोगी राहुल वैद्य ने कहा कि उन्हें कभी उन समाचारों पर विश्वास ही नहीं हुआ, जिनमें पांडे की सर्वाइकल कैंसर से मौत की बात कही जा रही थी. उन्होंने लिखा, ”और मैं सही था. अब पूनम जिंदा हैं और मैं कह सकता हूं कि उनकी पीआर, मार्केटिंग टीम की आत्मा को शांति मिले. किसी अभियान को सनसनीखेज बनाने का निचला स्तर…कलयुग में आपका स्वागत है.” अभिनेता कुशाल टंडन ने पूनम और उनकी पीआर टीम की गिरफ्तारी की मांग की.

उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, ”अपनी मौत का दिखावा करना कितना बेवकूफी भरा और कितना शर्मनाक है. यह बेहद दुखद और चिंताजनक है. मुझे लगता है कि उस व्यक्ति और उसकी पूरी पीआर टीम को सलाखों के पीछे डाल देना सही होगा ताकि भविष्य के लिए एक उदाहरण तय किया जा सके ताकि कोई भी बकवास, फर्जी खबर न डाल सके. मीडिया को हमेशा पहले वास्तविकता की जांच करनी चाहिए और फिर अपने समाचार मंचों पर पोस्ट करना चाहिए.” अभिनेत्री र्शिलन चोपड़ा और राखी सावंत ने भी पूनम की आलोचना की.

र्शिलन ने ‘एक्स’ पर कहा, ”बेशर्मी और असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा.” राखी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर पूनम की आलोचना की. उन्होंने कहा, ”क्या आप पागल हो? यह किस तरह का प्रचार-प्रसार है? आपने प्रशंसकों, मीडिया और मेरे दिल के साथ खेला है. और आखिर में आप कह रही हो कि आप जिंदा हो. इस तरह का घटिया मजाक कौन करता है.” ‘एक्स’ पर हैशटैग ‘पूनमपांडेय’ को 60 हजार से अधिक लोगों ने पोस्ट किया, जिनमें से अधिकतर कलाकारों ने आलोचना की. ‘एक्स’ एक यूजर ने लिखा, ”प्रचार का अब तक का सबसे घटिया हथकंडा.” एक अन्य यूजर ने पोस्ट किया, ”यह किसी चीज को बढ़ावा देने का सबसे हास्यास्पद तरीका था.” एक व्यक्ति ने पूनम को ‘सबसे बड़ी धोखेबाज’ बताया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu