अमेरिका में ट्रक से चुराए मेमोरी कार्ड से खुली दोहरे हत्याकांड की गुत्थी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 Feb 2024 06:41 PM
अमेरिका में ट्रक से चुराए मेमोरी कार्ड से खुली दोहरे हत्याकांड की गुत्थी
ऑडियो सुनें

एंकरेज. अमेरिका के एंकरेज शहर में देह व्यापार में शामिल एक महिला जब एक ट्रक चालक के साथ ‘डेट’ पर गयी तो उसने वाहन में से एक डिजिटल मेमोरी कार्ड चुरा लिया लेकिन उस वक्त उसे इसकी भनक तक नहीं थी कि इस कार्ड में दो हत्याकांड का राज छिपा हुआ है.

चोरी, मारपीट और वेश्यावृत्ति के अपराधिक इतिहास वाली इस महिला को उस कार्ड में जो मिला, वह दोहरे हत्याकांड की कुंजी है. अब चार साल बाद इस हत्याकांड के मुकदमे की सुनवाई शुरू होने वाली है. इस कार्ड में मैरिएट होटल में एक महिला की पिटायी और गला घोटकर उसकी हत्या की भयानक तस्वीरें और वीडियो दर्ज है. इसमें कंबल से ढके उसके शव को सामान ढोने वाली एक गाड़ी में ले जाने की भी तस्वीरें हैं.

एक वीडियो में हमलावर को यह कहते हुए सुना जा सकता है, ”मेरी फिल्मों में, हर किसी को मरना ही पड़ता है.” ट्रक से एसडी कार्ड चुराने के करीब एक सप्ताह बाद महिला ने इस पुलिस को सौंप दिया, जिसने वीडियो में सुनायी दे रही आवाज ब्रायन स्टीवन स्मिथ (52) की बतायी जिसे वह पहले की एक जांच से ही जानते थे. वे दक्षिण अफ्रीका का रहने वाला है. स्मिथ ने कैथलीन हेनरी (30) और वेरोनिका अबौचुक (52) की मौत के मामले में हत्या, यौन शोषण और सबूतों से छेड़छाड़ के 14 आरोप स्वीकार नहीं किए हैं. हेनरी और अबौचुक दोनों अलास्का की रहने वाली थीं और बेघर थीं. वे पश्चिमी अलास्का के छोटे-से गांवों से थीं.

प्राधिकारियों ने बताया कि मैरिएट होटल में हेनरी की हत्या हुई. स्मिथ दो सितंबर से चार सितंबर 2019 तक उस होटल में ठहरा था.
अदालत के दस्तावेजों के अनुसार, कार्ड में रिकॉर्ड आखिरी तस्वीर छह सितंबर की है और उसमें हेनरी का शव एक काले रंग के पिकअप वाहन में पीछे रखा हुआ दिख रहा है. मैरिएट मामले के बारे में स्मिथ से पूछताछ करने पर अधिकारियों को अबौचुक की हत्या की भी जानकारी मिली.

प्राधिकारियों के अनुसार, 2014 में अलास्का आया स्मिथ अभी एंकरेज सुधार गृह में हिरासत में हैं और वह उसी महीने अमेरिका का नागरिक बना था जिस महीने हेनरी की हत्या की गयी थी. एंकरेज में रहने वाली उसकी पत्नी स्टेफनी बिसलैंड और दक्षिण अफ्रीका में उसकी बहन ने मुकदमे के बारे में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है. मुकदमा सोमवार से शुरू होने और तीन से चार सप्ताह तक चलने की संभावना है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu