आम आदमी पार्टी नेताओं की नहीं, जनता की पार्टी है: केजरीवाल

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 26 Nov 2025 04:20 PM
आम आदमी पार्टी नेताओं की नहीं, जनता की पार्टी है: केजरीवाल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरंिवद केजरीवाल ने बुधवार को पार्टी के स्थापना दिवस पर कहा कि 13 वर्षों में पार्टी की उपलब्धियां जनता के विश्वास और उसके कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का नतीजा हैं। पार्टी का गठन 26 नवंबर, 2012 को हुआ था।

पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर, ‘आप’ ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें दिल्ली में पहली बार उनकी पार्टी की सरकार बनने से लेकर राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त करने तक के सफर को दर्शाया गया। वीडियो में केजरीवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी का भी जिक्र है।

इस अवसर पर ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी संस्थापक केजरीवाल ने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा, ‘‘यह पार्टी नेताओं की नहीं, जनता की पार्टी है।’’ केजरीवाल ने कहा, ‘‘चौपालों से लेकर सड़कों तक हमारे कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत करके बदलाव की लौ जलाई है। आज जो भी उपलब्धियां है, वो जनता के विश्वास और हमारे सिपाहियों की तपस्या का परिणाम है।’’

उन्होंने कहा कि पार्टी वादा करती है कि ‘‘सच्चाई, ईमानदारी और देशसेवा का यह सफर और भी मजबूती से आगे बढ़ेगा। आपका साथ ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।’’ पार्टी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज आम आदमी पार्टी की स्थापना के 13 गौरवपूर्ण साल हो गए हैं और अब तक हम देश को एक शानदार शिक्षा, स्वास्थ्य और काम की राजनीति का मॉडल दे चुके हैं, इस मॉडल की सराहना देश ही नहीं बल्कि दुनियाभर में हो रही है।’’

वर्ष 2011 के भ्रष्टाचार-रोधी आंदोलन के बाद केजरीवाल और अन्य लोगों ने आम आदमी पार्टी की स्थापना की थी। यह पार्टी वर्तमान में पंजाब में सत्ता में है। निर्वाचन आयोग ने ‘आप’ को 2023 में राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिया था। पार्टी का चुनाव चिह्न झाड़ू है। पार्टी लगातार दो बार दिल्ली में सत्ता में रह चुकी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital