अभिषेक वर्मा ने तीरंदाजी विश्व कप चरण तीन में व्यक्तिगत स्वर्ण जीता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 Jun 2023 07:46 PM
अभिषेक वर्मा ने तीरंदाजी विश्व कप चरण तीन में व्यक्तिगत स्वर्ण जीता
ऑडियो सुनें

मेडेलिन. अभिषेक वर्मा ने यहां तीरंदाजी विश्व कप चरण तीन की पुरुष् कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता. इंचियोन 2014 एशियाई खेलों की कंपाउंड टीम स्पर्धा के स्वर्ण और व्यक्तिगत स्पर्धा के रजत पदक विजेता 33 साल के वर्मा ने शनिवार को फाइनल में अमेरिका के जेम्स लुट्ज को 148-146 से हराया. विश्व कप के कई बार के स्वर्ण पदक विजेता वर्मा शुरुआती दो चरण से बाहर रहने के बाद वापसी कर रहे थे. उन्होंने इससे पहले रोमांचक व्यक्तिगत फाइनल में दुनिया के नंबर एक तीरंदाज और शीर्ष वरीय नीदरलैंड के माइक क्लोसेर को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई.

आठवें वरीय वर्मा ने इसके बाद अंतिम चार के मुकाबले में ब्राजील के लुकास अब्रेयू को हराकर फाइनल में प्रवेश किया. वर्मा का यह तीसरा व्यक्तिगत विश्व कप स्वर्ण पदक है. यह 2021 पेरिस चरण के बाद उनका पहला स्वर्ण है. उन्होंने अपना पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक पोलैंड के रॉक्लॉ में 2015 में जीता था. वह विश्व कप के व्यक्तिगत वर्ग में दो रजत और एक कांस्य पदक भी जीत चुके हैं.

भारतीय टीम ने मौजूदा टूर्नामेंट में अब तक एक स्वर्ण और तीन कांस्य पदक जीते हैं. रविवार को रिकर्व मिश्रित टीम भी कांस्य पदक के लिए चुनौती पेश करेगी. टीम ने फ्रांस और नीदरलैंड को 6-0 के समान अंतर से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई जहां उसे कोरिया के खिलाफ 3-5 से शिकस्त झेलनी पड़ी. टीम कांस्य पदक के लिए चीनी ताइपे से भिड़ेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu