अबूझमाड़ मुठभेड़ : नक्सलियों के प्रेशर बम की चपेट में आने से डीआरजी के जवान की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 22 May 2025 07:09 PM
अबूझमाड़ मुठभेड़ : नक्सलियों के प्रेशर बम की चपेट में आने से डीआरजी के जवान की मौत
ऑडियो सुनें

नारायणपुर. छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ क्षेत्र में बुधवार को मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों की वापसी के दौरान बारूदी सुरंग (प्रेशर बम) में विस्फोट होने से जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के एक जवान की जान चली गई. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.
राज्य के नारायणपुर-बीजापुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने बुधवार को मुठभेड़ में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के महासचिव नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू समेत 27 नक्सलियों को मार गिराया. मुठभेड़ के दौरान डीआरजी के एक जवान की मौत हो गई.

अधिकारियों ने बताया कि अबूझमाड़ में अभियान के दौरान कल शाम लगभग सात बजे डीआरजी बीजापुर का जवान रमेश हेमला प्रेशर बम में हुए विस्फोट की चपेट में आ गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. उन्होंने बताया कि इससे पहले कल सुबह नक्सलियों से मुठभेड़ के दौरान नारायणपुर जिले के ओरछा थाना क्षेत्र के भटबेडा गांव के निवासी डीआरजी जवान खोटलूराम कोर्राम (38) की जान चली गई. अधिकारियों ने बताया कि हेमला और कोर्राम के पार्थिव शरीर नारायणपुर जिला मुख्यालय लाये जा रहे हैं, जहां उन्हें सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी.

उन्होंने बताया कि नारायणपुर-बीजापुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित अबूझमाड़ के इलाके में नक्सलियों की केंद्रीय समिति और पोलित ब्यूरो के सदस्य तथा माड़ डिवीजन और पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) के बड़े कैडर की उपस्थिति की सूचना पर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था.

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबल के जवान जब क्षेत्र में थे तब नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी. जवानों ने जवाबी कार्रवाई की. उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के महासचिव नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू (70) समेत 27 नक्सलियों के शव और अनेक हथियार बरामद किये हैं. अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के दौरान दो जवानों की जान चली गई तथा कुछ अन्य जवानों को चोट पहुंची है. सभी घायलों को चिकित्सा सहायता प्रदान की गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu