एसिड अटैक : षडयंत्र रचने वाले प्रेमी सहित उसका दोस्त गिरफतार, युवती से शादी करना चाहता था प्रेमी, युवती के मना करने पर रची साजिश

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Tue, 06 Oct 2026 02:59 PM
एसिड अटैक : षडयंत्र रचने वाले प्रेमी सहित उसका दोस्त गिरफतार, युवती से शादी करना चाहता था प्रेमी, युवती के मना करने पर रची साजिश
ऑडियो सुनें

बालोद शहर में एक युवती पर एसिड अटैक करके भागने वाले दो युवाओं को पुलिस ने गिरफतार कर लिया है। इनमें से एक उसका कथित प्रेमी बताया जाता है जबकि दूसरा उसका दोस्त है।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर और उसके दोस्त करण कुंजाम को गिरफ्तार किया है। मामला कुछ यूं है कि कथित प्रेमी युवती से शादी के लिए दबाव बना रहा था लेकिन युवती इसके लिए तैयार नही थी।

प्रेमी का यह भी आरोप था कि युवती का संबंध किसी और युवक से है। इससे नाराज होकर यश ने करीब तीन महीने पहले ही एसिड अटैक की साजिश रची थी। कल अचानक उसने षडयंत्र रचा और उसे अंजाम दे दिया। कल दोपहर करीब 12:30 बजे बालोद शहर निवासी युवती रोज की तरह लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान उस पर अचानक एसिड फेंक दिया गया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया।

दूसरी ओर वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और तांदुला डैम की ओर भाग निकला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया और शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगे CCTV कैमरों के आधार पर दोनो युवाओं को ढूंढ़ निकाला।
योजना के मुताबिक यश के कहने पर करण 26 सितंबर को बालोद पहुंचा था। दोनों ने 27 सितंबर को एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान युवती पर हमला करने की योजना बनाई। हालांकि उस समय क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण वे वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद दोनों ने दोबारा योजना बनाई जिसमें वे सफल हो गए।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है। पीड़ित युवती के पिता पुलिस में सब इंस्पेक्टर है। घटना की तीव्र निंदा हो रही है और दोनों युवाओं को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group