अभिनेता मुश्ताक खान के अपहरणकर्ताओं ने शक्ति कपूर के अपहरण की भी साजिश रची थी: पुलिस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 15 Dec 2024 08:14 PM
अभिनेता मुश्ताक खान के अपहरणकर्ताओं ने शक्ति कपूर के अपहरण की भी साजिश रची थी: पुलिस
ऑडियो सुनें

बिजनौर/मेरठ. फिल्म अभिनेता मुश्ताक मोहम्मद खान को दिल्ली हवाई अड्डे से अगवा करने, बिजनौर में बंधक बनाने और फिरौती मांगने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, बदमाश अन्य अभिनेताओं को भी फर्जी कार्यक्रमों में आमंत्रित करने के नाम पर अगवा करने की साजिश रच रहे थे.

बिजनौर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक झा ने बताया कि अभिनेता मुश्ताक मोहम्­मद खान के इवेंट मैनेजर शिवम यादव ने नौ दिसंबर को बिजनौर कोतवाली में तहरीर दी थी कि राहुल सैनी ने 15 अक्टूबर को मेरठ में एक कार्यक्रम में मुश्ताक को बुलाने के लिए अग्रिम भुगतान के रूप में 25 हजार रुपये और हवाई जहाज का टिकट भेजा था. इसके मुताबिक, 20 नवंबर को मुश्ताक जब दिल्ली हवाई अड्डे आए तो एक कैब चालक उन्हें लेने पहुंचा जो उन्हें मेरठ- दिल्ली के बीच शिकंजी की प्रसिद्ध एक दुकान पर ले गया.

पुलिस ने कहा कि खान को जबरन दूसरी गाड़ी में बैठाया गया, जिसमें और लोग भी उनके साथ बैठे. पुलिस ने बताया कि इसके बाद अभिनेता को धमकाया गया और बताया गया कि उनका अपहरण कर लिया गया है और उन्हें इस मामले में शामिल अपराधी लवी उर्फ राहुल सैनी के घर पर बंधक बनाकर रखा गया है.

अधिकारी ने बताया, “बंधक बनाए जाने के दौरान अपहरणकर्ताओं ने मुश्ताक खान के बैंक खाते का विवरण और पासवर्ड ले लिया. 20 नवंबर की रात को आरोपी ने शराब पी और सो गया. अगली सुबह मुश्ताक खान भागने में कामयाब रहे और मोहल्ला चाहशीरी की एक मस्जिद में पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों ने उनके परिवार से संपर्क किया और उन्हें घर वापस भेजे में मदद की.” अधिकारी ने बताया, “21 नवंबर को अपहरणकर्ताओं ने मेरठ और मुजफ्फरनगर में खरीदारी करते समय मुश्ताक खान के बैंक खाते से 2.2 लाख रुपये निकाल लिए.” गिरफ्तार किए गए गिरोह के सदस्यों की पहचान सार्थक चौधरी, सबीउद्दीन, अजीम और शशांक के रूप में हुई है. पुलिस ने उनके कब्जे से 1.04 लाख रुपये भी बरामद किए हैं.

पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य फिल्मी कलाकारों का अपहरण करने के लिए कार्यक्रम में बुलाने के नाम पर अग्रिम भुगतान और हवाई टिकट भेजते हैं. जांच में यह भी पता चला है कि अभिनेता शक्ति कपूर को इसी तरह के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पांच लाख रुपये की पेशकश की गई थी, लेकिन अधिक अग्रिम राशि मांगने के कारण बात नहीं बन सकी. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह गिरोह अन्य फिल्मी सितारों के अपहरण में भी शामिल था. लवी सहित गिरोह के शेष सदस्यों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं.

इस बीच, संबंधित घटनाक्रम में, हास्य कलाकार सुनील पाल के अपहरण में शामिल एक अपहरणकर्ता अर्जुन रविवार को मेरठ में पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गया. मेरठ पुलिस ने बताया कि शनिवार को गिरफ्तार किए गए अर्जुन ने मेडिकल जांच के लिए ले जाए जाने के दौरान एक उपनिरीक्षक की पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया.

मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विपिन ताडा ने बताया कि इस पर पुलिस पार्टी द्वारा उसका पीछा किया गया और पुलिस से बचने के लिए अभियुक्त ने पुलिस टीम पर गोलीबारी की और जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त को गोली लगी है. घायल अवस्था में उसे तुरन्त अस्पताल ले जाया गया है.

एसएसपी ने बताया कि सुनील पाल वाले मामले में पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो और सवा दो लाख रुपये तथा मोबाइल बरामद किया था. एसएसपी ने कहा कि पुलिस अब उसके साथियों की तलाश कर रही है, क्योंकि उनका मानना है कि अपहरण में शामिल गिरोह बिजनौर में स्थित है. अधिकारियों ने आगे के बयानों के लिए पीड़ितों से भी संपर्क किया है और मामले की जांच जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu