अभिनेता राम चरण बेटी के पिता बने

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Jun 2023 10:14 PM
अभिनेता राम चरण बेटी के पिता बने
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. सुपरहिट फिल्म ‘आरआरआर’ के अभिनेता राम चरण (38) पिता बन गये हैं. उनकी पत्नी उपासना कामिनेनी (33) ने मंगलवार सुबह अपनी पहली संतान को जन्म दिया. उपासना को सोमवार को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. अस्पताल के मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक, “मिस उपासना कामिनेनी ने 20 जून 2023 को हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित अपोलो अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया. मां और बेटी दोनों स्वस्थ हैं.” बाद में राम चरण के पिता और दिग्गज अभिनेता चिरंजीवी ने भी ट्वीट कर अपनी पोती के आगमन की जानकारी दी.

उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “राजकुमारी का स्वागत है. आपके आगमन पर लाखों लोगों के बड़े परिवार के बीच खुशी का माहौल है और आपके जन्म पर आपके माता-पिता और दादा-दादी बहुत खुश हैं. हम गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं.” गौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर महीने में उपासना ने गर्भवती होने की घोषणा की थी. दोनों, कई वर्षों तक एक-दूसरे के साथ प्रेम संबंध में रहने के बाद 2012 में परिणय सूत्र में बंध गये थे.

दादा बनकर प्रफुल्लित महसूस कर रहा हूं : तेलुगु सुपरस्टार चिरंजीवी

मेगास्टार चिरंजीवी ने मंगलवार को उनके पुत्र राम चरण के पिता बनने पर खुशी जताते हुए इस लम्हे को विशेष अनुभव बताया है.
चिरंजीवी के पुत्र और सुपरहिट फिल्म ‘आरआरआर’ के अभिनेता राम चरण पिता बन गये हैं. उनकी पत्नी उपासना कामिनेनी ने अपनी पहली संतान के रूप में एक बेटी को जन्म दिया. मां और बेटी दोनों स्वस्थ हैं. यह जानकारी उस अस्पताल ने दी जहां कामिनेनी भर्ती हैं.

चिरंजीवी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”आज देर रात एक बज कर करीब 49 मिनट पर, राम चरण की पत्नी उपासना ने एक बेटी को जन्म दिया. हमारा परिवार बहुत खुश है. हम कई वर्षों से चाह रहे थे कि ये दोनों अभिभावक बनें और हमारा परिवार आगे बढ़े. भगवान की कृपा और दुआओं से यह सच हो गया.”

उन्होंने कहा,” हम मंगलवार को बेटी का जन्म होना विशेष मान रहे हैं. मंगलवार का दिन भगवान आंजनेय (हनुमान) की पूजा के लिए मांगलिक दिन है.” इससे पहले उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ”राजकुमारी का स्वागत है. आपके आगमन पर लाखों लोगों के बड़े परिवार के बीच खुशी का माहौल है और आपके जन्म पर आपके माता-पिता और दादा-दादी बहुत खुश हैं. हम गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं.” इस दौरान चिरंजीवी और राम चरण के प्रशंसकों ने बेटी के जन्म पर जश्न मनाया. कुछ जगहों पर उन्होंने प्रार्थना की और पटाखे फोड़े.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu