अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा के सौतेले पिता ने आत्महत्या की: पुलिस

मुंबई: अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा के सौतेले पिता अनिल मेहता ने बुधवार सुबह मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित एक इमारत की छठी मंजिल से कथित तौर पर कूदकर आत्महत्या कर ली. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि मेहता (62) ने सुबह करीब नौ बजे बांद्रा के अलमेडा पार्क इलाके में स्थित ‘आयशा मैनर’ नामक इमारत की छठी मंजिल से छलांग लगा दी. वह अपनी पत्नी के साथ यहीं रहते थे. उन्होंने बताया कि घटना के समय मलाइका पुणे में थीं. अधिकारी ने बताया कि बांद्रा पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत लाया गया घोषित कर दिया.

अधिकारी ने विस्तृत जानकारी दिए बिना बताया कि आत्महत्या करने से ठीक पहले मेहता ने मलाइका अरोड़ा और उनकी बहन अमृता (जो स्वयं भी एक अभिनेत्री हैं) को फोन किया था और कहा था कि वह ”बीमार और थके हुए” हैं. उन्होंने बताया कि जब मेहता ने इमारत से छलांग लगाकर आत्महत्या की तब मलाइका अरोड़ा की मां इमारत की छठी मंजिल के अपने फ्लैट में थीं. अधिकारी ने बताया कि आत्महत्या के पीछे का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. उन्होंने बताया कि मेहता बॉलीवुड अभिनेत्री के सौतेले पिता थे.

पुलिस उपायुक्त (जोन 9) राज तिलक रौशन ने संवाददाताओं से कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है. उन्होंने बताया कि फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ बांद्रा पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर मौजूद है. डीसीपी रौशन के मुताबिक, ”पुलिस सभी कोणों से घटना की जांच करेगी और कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगी. जांच में जो भी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन किया जाता है, हम उसका पालन कर रहे हैं.” एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पुलिस जांच के तहत मेहता के रिश्तेदारों और इमारत में रहने वाले लोगों के बयान भी दर्ज कर रही है.

अधिकारी के अनुसार पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा (निरीक्षण) किया और साक्ष्य एकत्र किए. उन्होंने प्रक्रिया के तहत उस इमारत के परिसर की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जहां मेहता का शव मिला था. उन्होंने कहा कि पुलिस ने वारदात की जानकारी जुटाने के लिए इमारत के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले. पुलिस के मुताबिक एक अस्पताल में मेहता का पोस्टमार्टम किया जा रहा है.

इस बीच एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”यह सच है कि मलाइका के सौतेले पिता की आज सुबह मृत्यु हो गई. उन्होंने आत्महत्या नहीं की है, यह एक हादसा था. सब सदमे में हैं क्योंकि उन्हें कोई बीमारी नहीं थी या ऐसी कोई बात नहीं थी.” मलाइका और उनकी बहन अमृता अरोड़ा ने इस घटना के संबंध में पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया. इस घटना की खबर मिलने के बाद मलाइका अरोड़ा के पूर्व पति अरबाज खान भी वहां पहुंचे.

अरबाज खान के माता-पिता सलीम खान और सलमा खान, भाई सोहेल खान, मलाइका अरोड़ा के बेटे अरहान खान, उनके पूर्व ब्वॉयफ्रेंड अभिनेता अर्जुन कपूर तथा निर्माता रितेश सिधवानी मलाइका की मां के आवास पर पहुंचे. अरबाज खान की सौतेली मां हेलेन, उनकी बहन अलवीरा अग्निहोत्री, सोहेल खान की पूर्व पत्नी सीमा सजदेह और अभिनेत्री किम शर्मा तथा शिबानी दांडेकर भी वहां मौजूद थीं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button