एयरो इंडिया: एयर चीफ मार्शल सिंह, सेना प्रमुख द्विवेदी ने तेजस में उड़ान भरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Feb 2025 09:00 PM
एयरो इंडिया: एयर चीफ मार्शल सिंह, सेना प्रमुख द्विवेदी ने तेजस में उड़ान भरी
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह और थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने रविवार को येलहांका स्थित वायुसेना अड्डे पर हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए) तेजस में उड़ान भरकर भव्य एयरो इंडिया-2025 की रूपरेखा तैयार की. शीर्ष अधिकारियों की तेजस में यह उड़ान यहां सोमवार से शुरू हो रहे इस द्विवार्षिक भव्य कार्यक्रम की पूर्व भूमिका थी. एयरो इंडिया 2025 सोमवार से शुरू होकर 14 फरवरी तक चलेगा. जब एयर चीफ मार्शल ने सेना प्रमुख के साथ तेजस को उड़ाया तो सभी की निगाहें आसमान की ओर लगी रहीं. सफल उड़ान के बाद जनरल द्विवेदी ने इस अनुभव को उनके जीवन का सबसे अच्छा पल बताया.

जनरल द्विवेदी ने पत्रकारों को बताया, “यह मेरे जीवन का सबसे अच्छा पल था और जैसा कि आप जानते हैं कि एयर चीफ मार्शल और मैने साथ में कोर्स किया है. हम एनडीए (नेशनल डिफेंस एकेडमी) के दिनों से साथ हैं. काश कि वह मुझसे पहले मिलते और मैं निश्चित रूप से वायुसेना में जाता. जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, अगर मैं वायुसेना में जाता तो मैं लड़ाकू पायलट होता.” उन्होंने कहा, “और मैं यह जरूर कहना चाहूंगा कि आज से एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह मेरे गुरु हैं, क्योंकि उन्होंने मुझे आसमान में रहते हुए बहुत सी भूमिकाएं और अन्य गतिविधियां करने को कहा.”

सेना प्रमुख ने कहा कि उन्होंने उड़ान का आनंद लिया क्योंकि यह एक बड़ी चुनौती थी. उन्होंने कहा, “मैं भारतीय वायुसेना का बहुत आभारी हूं और वायुसेना के पायलट जिस तरह की चुनौतियों को स्वीकार करते हैं उसके लिये मुझे उनकी प्रशंसा करनी चाहिए और इसके लिए हम सभी की ओर से एक महान तालमेलपूर्ण दृष्टिकोण की आवश्यकता होती है और मुझे यकीन है कि यह एयरो इंडिया-2025 के लिए एक अच्छी शुरुआत है.” एलसीए तेजस एक भारतीय लड़ाकू विमान है जिसे एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (एडीए) द्वारा डिजाइन किया गया है और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा भारतीय वायु सेना (आईएएफ) और भारतीय नौसेना के लिए निर्मित किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu