बर्गर खाने से ई-कोली बैक्टीरिया संक्रमण फैलने के आरोप के बाद ‘मैकडोनाल्ड्स’ ने कहा: रेस्तरां सुरक्षित हैं

वाशिंगटन. अमेरिका में मशहूर खाद्य श्रृंखला ‘मैकडोनाल्ड्स’ का बर्गर खाने से ई.कोली बैक्टीरिया संक्रमण फैलने का आरोप लगने के बाद कंपनी ने बुधवार को ग्राहकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उसके रेस्तरां सुरक्षित हैं. दूसरी ओर, अमेरिका के संघीय जांचकर्ता इस बात की पु­ष्टि करने की कोशिश कर रहे हैं कि मैकडोनाल्ड्स का ‘क्वार्टर पाउंडर हैमबर्गर’ खाने से ही ई.कोली बैक्टीरिया संक्रमण फैला है.

अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) ने मंगलवार को बताया था कि ‘मैकडोनाल्ड्स’ का बर्गर खाने से ई.कोली बैक्टीरिया का संक्रमण फैल गया है जिससे 10 राज्यों में कम से कम 49 लोग बीमार पड़ गए हैं और इनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गयी है. अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ‘क्वार्टर पाउंडर हैमबर्गर’ में प्याज के कारण ई.कोली बैक्टीरिया संक्रमण फैलने का संदेह है.

‘मैकडोनाल्ड्स’ ने कहा कि वह ताजा प्याज उपलब्ध कराने के लिए नये आपूर्तिकर्ता की तलाश कर रहा है. इस बीच, ई.कोली बैक्टीरिया से प्रभावित राज्यों के साथ-साथ अन्य राज्यों के कुछ हिस्सों में स्थित ‘मैकडोनाल्ड्स’ से ‘क्वार्टर पाउंडर हैमबर्गर’ को हटा दिया गया है. ‘मैकडोनाल्ड्स’ ने कहा कि पिछले सप्ताह के अंत में जब उसे ई.कोली बैक्टीरिया का संक्रमण फैलने के बारे में जानकारी मिली है तब से ही वह संघीय खाद्य सुरक्षा नियामकों के साथ मिलकर काम कर रहा है.

अमेरिका में 14,000 से अधिक मैकडोनाल्ड्स रेस्तरां हैं और यह प्रभावित क्षेत्र में हर दो सप्ताह में दस लाख ‘क्वार्टर पाउंडर हैमबर्गर’ परोसता है. कंपनी ने बुधवार को कहा कि आपूर्तिकर्ता नियमित रूप से अपने प्याज में ई-कोली की जांच करता है. अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र ने मंगलवार देर रात इस संक्रमण के फैलने के बारे में जानकारी दी थी. उसने बताया था कि कोलोराडो, आयोवा, कंसास, मिसौरी, मोंटाना, नेब्रास्का, ओरेगोन, उटाह और विस्कॉन्सिन में 27 सितंबर और 11 अक्टूबर के बीच इस संक्रमण के मामले दर्ज किए गए हैं. ई.कोली बैक्टीरिया पशुओं की आंतों में पनपते हैं और पर्यावरण में पाए जाते हैं. इस संक्रमण के कारण बुखार, पेट में ऐंठन और खूनी दस्त हो सकते हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button