बिलासपुर में सभा के बाद राहुल गांधी और अन्य नेता ट्रेन से रायपुर पहुंचे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Sep 2023 09:58 PM
बिलासपुर में सभा के बाद राहुल गांधी और अन्य नेता ट्रेन से रायपुर पहुंचे
ऑडियो सुनें

रायपुर. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी सोमवार को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में एक सभा को संबोधित करने के बाद ट्रेन से रायपुर पहुंचे. बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड के परसदा गांव में राज्य सरकार के कार्यक्रम आवास न्याय सम्मेलन में शामिल होने के बाद गांधी बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और बिलासपुर-इतवारी इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हुए. उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और अन्य नेता भी थे. कांग्रेस नेताओं ने स्लीपर कोच में यात्रा की.

कांग्रेस द्वारा साझा की गई तस्वीरों में गांधी यात्रियों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं. ट्रेन शाम पांच बजकर 50 मिनट पर रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां पार्टी विधायक कुलदीप जुनेजा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी का स्वागत किया.
रायपुर यात्रा के दौरान गांधी ने जिस सहयात्री युवती से बातचीत की, उसने बताया कि वह एक हॉकी खिलाड़ी है और उसने कांग्रेस नेता को राजनांदगांव में ‘एस्ट्रो टर्फ’ हॉकी मैदान की खराब स्थिति के बारे में बताया.

राज्य के राजनांदगांव जिले की निवासी युवती ने बताया, ”मैंने उनसे कहा है कि हमें एक नया मैदान चाहिए.” युवती के साथ अन्य खिलाड़ी भी थीं. खिलाड़ियों के साथ आए एक व्यक्ति ने बताया कि गांधी ने राजनांदगांव में खेलो इंडिया सेंटर में खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण और सुविधाओं के बारे में पूछताछ की.

छत्तीसगढ़ में सत्ताधारी दल कांग्रेस ने राज्य से होकर चलने वाली कई ट्रेनों को रद्द किए जाने के विरोध में इस महीने की शुरुआत में राज्य भर में रेल रोको प्रदर्शन किया था. कांग्रेस नेताओं ने दावा किया था कि पिछले कुछ महीनों में छत्तीसगढ़ में संचालित कई ट्रेनें रद्द कर दी गई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu