आईपीएल फाइनल की मेजबानी करेगा अहमदाबाद, मुल्लांपुर में होंगे शुरुआती दो प्ले ऑफ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 May 2025 07:58 PM
आईपीएल फाइनल की मेजबानी करेगा अहमदाबाद, मुल्लांपुर में होंगे शुरुआती दो प्ले ऑफ
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अहमदाबाद तीन जून को इंडियन प्रीमियर लीग के फाइनल के अलावा दूसरे क्वालीफायर की मेजबानी करेगा जबकि मुल्लांपुर में इस महीने शुरुआती दो प्ले ऑफ का आयोजन किया जाएगा. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को यह घोषणा की.

मानसून को देखते हुए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने 23 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु में होने वाले मैच को भी लखनऊ स्थानांतरित कर दिया था. चिन्नास्वामी स्टेडियम में पिछला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था.
शुरुआती कार्यक्रम के अनुसार हैदराबाद और कोलकाता को प्ले ऑफ की मेजबानी करनी थी लेकिन भारत-पाकिस्तान सैन्य टकराव के कारण प्रतियोगिता को एक हफ्ते के लिए स्थगित किए जाने के बाद आईपीएल कार्यक्रम में संशोधन करना पड़ा. आयोजन स्थलों पर फैसला करने से पहले बीसीसीआई ने मानसून का भी ध्यान रखा.

बीसीसीआई ने बयान में कहा, ”आईपीएल संचालन परिषद ने मौसम की परिस्थितियों और अन्य चीजों को ध्यान में रखते हुए प्ले ऑफ के नए स्थलों पर फैसला किया है.” बीसीसीआई ने मैच को पूरा करने के लिए एक घंटे के मौजूदा अतिरिक्त समय में इजाफा करते हुए इसे दो घंटे कर दिया है. मौसम को देखते हुए यह फैसला किया गया है. इससे पहले 120 मिनट का अतिरिक्त समय सिर्फ प्ले ऑफ मुकाबले के लिए होता था जबकि लीग मुकाबलों के लिए 60 मिनट का ही अतिरिक्त समय मिलता था.

बीसीसीआई के बयान के अनुसार, ”प्ले ऑफ चरण के समान मंगलवार 20 मई से होने वाले लीग चरण के बाकी मुकाबलों के खेलने की परिस्थितियों के लिए एक घंटे का अतिरिक्त समय आवंटित किया गया है.” क्वालीफायर एक और एलिमिनेटर मुल्लांपुर में क्रमश: 29 और 30 मई को होंगे जबकि अहमदाबाद एक जून को दूसरे क्वालीफायर और तीन जून को फाइनल की मेजबानी करेगा. अहमदाबाद ने इससे पहले 2022 और 2023 में भी आईपीएल फाइनल की मेजबानी की थी.

आईपीएल के इस कार्यक्रम का मतलब है कि पंजाब किंग्स की टीम अपना पहला प्ले ऑफ मैच अपने घरेलू मैदान पर खेलेगी. पंजाब किंग्स ने 2014 के बाद पहली बार प्ले ऑफ के लिए क्वालीफाई किया है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस ने भी प्ले ऑफ में जगह बना ली है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu