
मुंबई/इंदौर. कोच्चि से आया एअर इंडिया का एक विमान शहर के हवाई अड्डे पर भारी बारिश के बीच उतरते समय फिसल गया और रनवे से बाहर निकल गया जिसके बाद सोमवार सुबह एक रनवे पर परिचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया. सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं.
मुंबई हवाई अड्डे ने एक बयान में कहा, “हवाई अड्डे के प्राथमिक रनवे – 09/27 को मामूली क्षति की सूचना मिली है. परिचालन की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए, द्वितीयक रनवे 14/32 को सक्रिय कर दिया गया है.” सूत्रों के अनुसार, इस घटना के कारण विमान के तीन टायर फट गए और इंजन को भी नुकसान पहुंचा. सूत्र ने बताया, “कीचड़ में धंसने के बाद इंजन में ढेर सारी मिट्टी चली गई.” एअर इंडिया के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि कोच्चि से मुंबई आई उड़ान संख्या एआई2744 के हवाई अड्डे पर उतरते समय भारी बारिश हुई, जिसके कारण विमान हवाई अड्डे पर उतरने के बाद रनवे के बाहर निकल गया.
उन्होंने एक बयान में कहा कि विमान सुरक्षित रूप से गेट तक पहुंच गया और सभी यात्री एवं चालक दल के सदस्य उससे उतर गए. उनके मुताबिक, विमान को जांच के लिए रोक लिया गया है. एक सूत्र ने बताया कि हवाई अड्डे के एक रनवे पर परिचालन इस घटना के बाद बंद कर दिया गया था, लेकिन इसे फिर से शुरू कर दिया गया.
मुंबई हवाई अड्डे ने एक बयान में कहा कि विमान सुबह 9.27 बजे रनवे से बाहर निकल गया और हवाई अड्डे की आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों को तुरंत स्थिति से निपटने के लिए सक्रिय कर दिया गया. शहर में स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (सीएसएमआईए) देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है और इसमें दो रनवे हैं.
मप्र : तकनीकी खराबी की चेतावनी पर इंदौर में विमान की आपात लैंडिंग, सभी 140 यात्री सुरक्षित
गोवा से इंदौर आ रहे एक निजी एयरलाइन के विमान को लैंडिंग गियर की तकनीकी खराबी की चेतावनी के बाद सोमवार शाम यहां देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया और इसमें सवार करीब 140 यात्रियों सुरक्षित बचाया गया. हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
हवाई अड्डे के निदेशक विपिनकांत सेठ ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इंडिगो एयरलाइंस के गोवा से इंदौर आ रहे विमान में लैंडिंग गियर की तकनीकी खराबी की चेतावनी (अंडरकैरिज वॉर्निंग) जारी हुई जिसके बाद उड़ान संख्या 6ई 813 वाला यह वायुयान करीब 25 मिनट तक एहतियात के तौर पर हवा में ही रहा.
उन्होंने बताया,”इस चेतावनी के कारण विमान को आपात स्थिति में इंदौर के हवाई अड्डे पर उतारा गया. विमान का चालक दल और इसमें सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं.” एक अन्य अधिकारी ने बताया कि करीब 140 यात्रियों वाली गोवा-इंदौर उड़ान में ‘अंडरकैरिज वॉर्निंग’ के बारे में सूचना मिलने पर स्थानीय हवाई अड्डे पर ‘पूर्ण आपातकाल’ की घोषणा की गई और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत अग्निशमन व चिकित्सा के इंतजाम किए गए. अधिकारी के मुताबिक विमान को आपात स्थिति में स्थानीय हवाई अड्डे पर शाम पांच बजकर 15 मिनट पर सुरक्षित तौर पर उतारा गया, जबकि तय कार्यक्रम के मुताबिक इसे शाम चार बजकर 50 मिनट पर उतरना था.



