शुक्ला के आईएसएस अंतरिक्ष मिशन पर सभी भारतीयों को गर्व है: कांग्रेस नेता शशि थरूर

नयी दिल्ली. कांग्रेस नेता शशि थरूर ने अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की उपलब्धि की सोमवार को सराहना की और कहा कि सभी भारतीयों को उनके हालिया मिशन पर गर्व है जो मानव अंतरिक्ष उड़ान में भारत की महत्वाकांक्षाओं के एक शक्तिशाली प्रतीक के रूप में काम करेगा. थरूर की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब विपक्ष ने अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर सफल मिशन और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की प्रगति पर संसद में प्रस्तावित विशेष चर्चा में हिस्सा नहीं लिया.

थरूर ने कहा कि शुक्ला की ”ऐतिहासिक उड़ान” ने नयी पीढ़ी को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, गणित और अंतरिक्ष अध्ययन में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया है – जो भारत के दीर्घकालिक अंतरिक्ष लक्ष्यों को बनाए रखने के लिए आवश्यक हैं. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”चूंकि विपक्ष विशेष चर्चा में भाग नहीं ले रहा है, इसलिए मैं कहना चाहता हूं कि कमांडर शुभांशु शुक्ला के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के हालिया मिशन पर सभी भारतीयों को कितना गर्व है. यह हमारे देश के अपने मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम, गगनयान के लिए एक कदम के रूप में कार्य करेगा.”

थरूर ने कहा, ”शुक्ला के मिशन ने इसरो को अमूल्य व्यावहारिक अनुभव और डेटा प्रदान किया, जिसे ‘सिमुलेशन’ में दोहराया नहीं जा सकता. प्रक्षेपण-पूर्व प्रक्रियाओं, अंतरिक्ष यान प्रणालियों और सूक्ष्म-गुरुत्व के मनोवैज्ञानिक और शारीरिक प्रभावों पर उनके प्रत्यक्ष अवलोकन, गगनयान मिशन को जोखिम-मुक्त और परिष्कृत करने के लिए महत्वपूर्ण हैं.” कांग्रेस नेता ने कहा कि इस मिशन ने वास्तविक अंतरिक्ष वातावरण में भारतीय प्रणालियों और प्रोटोकॉल का परीक्षण संभव बनाया. उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष में मानव स्वास्थ्य और पौधों की वृद्धि पर अध्ययन सहित कई वैज्ञानिक प्रयोग तकनीकी और वैज्ञानिक प्रमाण प्रदान करेंगे जो गगनयान के लिए जीवनरक्षक और चिकित्सा प्रणालियों को डिज.ाइन करने में सीधे तौर पर मददगार साबित होंगे.

थरूर ने कहा, ”अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ साझेदारी में संचालित शुक्ला के मिशन ने वैश्विक अंतरिक्ष कूटनीति में भारत की भूमिका को मजबूत किया है. यह बहुपक्षीय अंतरिक्ष प्रयासों में शामिल होने की भारत की इच्छा और क्षमता को दर्शाता है और भविष्य में संयुक्त अनुसंधान और निवेश के द्वार खोलता है.” पूर्व केंद्रीय मंत्री थरूर ने अपने पोस्ट में कहा, ”कमांडर शुक्ला की ऐतिहासिक उड़ान मानव अंतरिक्ष उड़ान में भारत की महत्वाकांक्षाओं का एक सशक्त प्रतीक है. इसने देश की कल्पनाओं को जागृत किया है और नयी पीढ़ी को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी, गणित और अंतरिक्ष अध्ययन के क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया है, जो भारत के दीर्घकालिक अंतरिक्ष लक्ष्यों को बनाए रखने के लिए आवश्यक हैं. शाबाश.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button