भूस्खलन के कारण अमरनाथ यात्रा कुछ देर के लिए हुई बाधित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 06 Aug 2023 07:45 PM
भूस्खलन के कारण अमरनाथ यात्रा कुछ देर के लिए हुई बाधित
ऑडियो सुनें

बनिहाल/जम्मू. अमरनाथ गुफा मंदिर की ओर जा रहे तीर्थयात्रियों को केला मोड़ के पास भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होने की वजह से रामबन जिले में कुछ देर के लिए रोक दिया गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अमरनाथ यात्रा एक दिन निलंबित रहने के बाद रविवार को जम्मू से पुन: आरंभ हुई और 1,626 तीर्थयात्रियों का नया जत्था तड़के यहां आधार शिविर से दक्षिण कश्मीर हिमालय क्षेत्र में वार्षिक तीर्थयात्रा के लिए रवाना हुआ, लेकिन सुबह करीब सवा छह बजे रामबन जिले में चंदरकोट यात्री निवास पर यात्रियों को दो घंटे रोका गया.

अधिकारियों ने बताया कि संबंधित एजेंसी ने अपने र्किमयों और मशीनरी की मदद से सड़क से मलबा हटाया, जिसके बाद मार्ग सुबह नौ बजे तक फिर से खोल दिया गया. उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों के काफिले को उसके गंतव्य की ओर से जाने की अनुमति दे दी गई और काफिला भूस्खलन से प्रभावित हुए क्षेत्र से निकल गया. इससे पहले, 1,626 तीर्थयात्रियों का 34वां जत्था 64 वाहनों के काफिले में करीब पौने चार बजे भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ.

अधिकारियों ने बताया कि इनमें से 1,092 तीर्थयात्री अनंतनाग जिले के पहलगाम आधार शिविर और शेष 534 तीर्थयात्री गांदरबल के बालटाल आधार शिविर रवाना हुए. इस साल एक जुलाई से 62 दिवसीय वार्षिक तीर्थयात्रा की शुरुआत से अब तक 4.17 लाख से अधिक श्रद्धालु 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गुफा मंदिर के दर्शन कर चुके हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu