जम्मू-कश्मीर के पंजतरणी, शेषनाग आधार शिविरों से अमरनाथ यात्रा तीन दिन बाद फिर हुई शुरू

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Jul 2023 07:02 PM
जम्मू-कश्मीर के पंजतरणी, शेषनाग आधार शिविरों से अमरनाथ यात्रा तीन दिन बाद फिर हुई शुरू
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के कारण तीन दिन तक स्थगित रहने के बाद अमरनाथ यात्रा रविवार को पंजतरणी और शेषनाग आधार शिविरों से फिर से शुरू करने की अनुमति दे दी गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अमरनाथ गुफा के आसपास आसमान साफ दिखने के बाद अधिकारियों ने गुफा मंदिर के द्वार खोल दिए और वहां फंसे श्रद्धालुओं को दक्षिण कश्मीर के हिमालय में प्राकृतिक रूप से निर्मित बर्फ के शिवलिंग के दर्शन की अनुमति दे दी.

पंजतरणी आधार शिविर के एक वरिष्ठ अधिकारी ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”जो श्रद्धालु पहले ही ‘दर्शन’ कर चुके थे, उन्हें बालटाल आधार शिविर लौटने की अनुमति दे दी गई है.” घाटी में भारी बारिश के कारण फंसे 700 से अधिक अमरनाथ यात्रियों को सेना ने अनंतनाग जिले के काजीगुंड स्थित अपने शिविर में शरण दी है. अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले दिन में खराब मौसम और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहने के कारण जम्मू से श्रद्धालुओं के किसी नये जत्थे को आगे बढ़ने की इजाजत नहीं दी गई.

अधिकारियों के मुताबिक, राजमार्ग पर यातायात बहाल करने के प्रयास जारी हैं, जो भूस्खलन की कई घटनाओं के कारण बंद है. रामबन जिले में भूस्खलन के कारण करीब 40 मीटर सड़क धंस गई, जिससे वहां 3,500 से अधिक वाहन फंसे हुए हैं. बृहस्पतिवार रात से अमरनाथ गुफा के ऊंचाई वाले क्षेत्र के निकटवर्ती इलाकों समेत जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार, क्षेत्र में सोमवार से मौसम में सुधार होने की संभावना है.

अधिकारियों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा हटाने का काम बाधित हुआ. यातायात विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ”भूस्खलन के मलबे को हटाने और पुराने मार्ग से होकर पंथियाल सुरंग के पास की क्षतिगस्त सड़क पर पहुंचकर उसकी मरम्मत करने का काम जारी है. पंथियाल में पर्वतीय क्षेत्र से गुजरने वाले राजमार्ग पर पर्वतों से लगातार चट्टानें गिरने के कारण यातायाता बहाली के कार्य में बाधा आ रही है.” अधिकारी के मुताबिक, सड़क के यातायात योग्य बनने के बाद फंसे हुए वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर निकाला जाएगा और फिर जम्मू एवं श्रीनगर से नये वाहनों को आने की अनुमति दी जाएगी.

अधिकारी ने कहा कि रत्ता छंब में फिर से भूस्खलन होने से मुगल रोड बाधित हो गई है. उन्होंने बताया कि शनिवार को दोपहर बाद मार्ग को यातायात के लिए साफ कर दिया गया था, लेकिन फिर से भूस्खलन होने के बाद यह दोबारा बाधित हो गया. अधिकारी के अनुसार, मार्ग से मलबा हटाने का काम जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu