अमेरिका: हवाई अड्डा के कर्मचारी को अचानक इंजन ने खींच लिया, मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 26 Jun 2023 07:03 PM
अमेरिका: हवाई अड्डा के कर्मचारी को अचानक इंजन ने खींच लिया, मौत
ऑडियो सुनें

ह्यूस्टन. अमेरिका के टेक्सास में एक हवाई अड्डा के कर्मचारी को यात्री विमान के इंजन ने अचानक अपनी ओर खींच लिया जिसके चलते उसकी मौत हो गई. कर्मचारी की मौत स्थानीय समयानुसार रात करीब 10 बजकर 25 मिनट पर हुई, जब ‘डेल्टा एयर लाइन्स’ का एक विमान लॉस एंजिलिस से सैन एंटोनियो (टेक्सास) पहुंचा ही था. विमान एक इंजन के साथ चल रहा था और आगमन द्वार की ओर बढ़ रहा था तभी कर्मचारी उसकी चपेट में आ गया.

राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) के अनुसार, शुक्रवार को टेक्सास के सैन एंटोनियो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर विमान के इंजन ने कर्मचारी को अपनी ओर खींच लिया जिससे उसकी मौत हो गई. कर्मचारी का नाम बोर्ड ने उजागर नहीं किया. एनटीएसबी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, बोर्ड अटलांटा स्थित एयरलाइन के साथ ”संपर्क में” है, जो घटना से जुड़ी ” जानकारी एकत्रित कर रही है.”

डेल्टा एयरलाइन ने एक बयान में कहा, ” इस मुश्किल समय में हमारी संवेदनाएं कर्मचारी के परिवार, दोस्तों तथा प्रियजन के साथ हैं और हम उनके साथ खड़े हैं.” ‘यूनिफी एविएशन’ ने कर्मचारी को काम पर रखा था. यह कंपनी विभिन्न एयरलाइन के ‘ग्राउंड हैंडलिंग’ कार्यों में मदद करती है. ‘यूनिफी एविएशन’ ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया है. गौरतलब है कि इसी तरह की एक घटना पिछले साल के आखिर में अलबामा में हुई थी जब हवाई अड्डे के एक कर्मचारी को विमान के इंजन ने अपनी ओर खींच लिया था और उसकी मौत हो गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu