अमेरिका: इजराइली-हमास युद्ध से प्रेरित घृणा अपराध में छह वर्षीय बच्चे की हत्या एवं एक महिला घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 16 Oct 2023 09:59 PM
अमेरिका: इजराइली-हमास युद्ध से प्रेरित घृणा अपराध में छह वर्षीय बच्चे की हत्या एवं एक महिला घायल
ऑडियो सुनें

शिकागो. इलिनोइस में चाकू से हमला कर छह वर्षीय मुस्लिम बच्चे की हत्या करने और 32 वर्षीय एक महिला को गंभीर रूप से घायल करने के 72 वर्षीय आरोपी पर घृणा अपराध संबंधी आरोप लगाए गए हैं. पुलिस ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने पीड़ितों के मुसलमान होने के कारण उन्हें निशाना बनाया और उसने इजराइल एवं हमास के बीच जारी युद्ध की प्रतिक्रिया के तौर पर यह हमला किया.

पिछले कुछ दिनों में अमेरिकी शहरों में पुलिस और संघीय अधिकारी यहूदी विरोधी या इस्लाम विरोधी भावनाओं से प्रेरित हिंसा की आशंका के मद्देनजर हाई अलर्ट पर हैं. यहूदी एवं मुस्लिम समूहों तथा एफबीआई (संघीय जांच ब्यूरो) के अधिकारियों ने नफरत और धमकी भरी बयानबाजी की घटनाओं में बढ.ोतरी होने की सूचना दी है.

विल काउंटी शेरिफ कार्यालय ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में बताया कि अधिकारियों को शिकागो के दक्षिण-पश्चिम में लगभग 40 मील (65 किलोमीटर) दूर प्लेनफील्ड टाउनशिप में स्थित एक मकान से महिला और बच्चा मिले. इसमें बताया गया कि बच्चे को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया. बयान में बताया गया कि महिला के शरीर पर चाकू से कई बार हमला किए जाने के निशान हैं. इसमें बताया गया कि महिला के जीवित बचने की उम्मीद है. बच्चे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, उस पर दर्जनों बार चाकू से हमला किया गया.

बयान में कहा गया, ”जांच अधिकारी यह पता लगाने में सफल रहे कि संदिग्ध ने दोनों पीड़ितों पर मुस्लिम होने के कारण और हमास एवं इजराइलियों के बीच जारी संघर्ष के कारण नृशंस हमला किया.” विल काउंटी शेरिफ के कार्यालय के अनुसार, महिला ने पुलिस को फोन कर बताया था कि उसके मकान मालिक ने उस पर चाकू से हमला किया, जिसके बाद स्नानघर में भाग गई और वह उसका मुकाबला कर रही थी.

प्राधिकारियों ने पीड़ितों के नाम सार्वजनिक नहीं किए है, लेकिन बच्चे के मामा यूसुफ हैनोन ने अमेरिकी-इस्लामी संबंध परिषद की शिकागो शाखा द्वारा आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बात की. इस सम्मेलन के दौरान बच्चे की पहचान फलस्तीनी-अमेरिकी वाडिया अल-फयूम के रूप में बताई गई. संगठन ने बताया कि घायल पीड़िता बच्चे की मां है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu