अमिताभ बच्चन ने नाती अगस्त्य नंदा को ‘इक्कीस’ के लिए शुभकामनाएं दीं: कहा ‘तुम खास हो’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Oct 2025 09:01 PM
अमिताभ बच्चन ने नाती अगस्त्य नंदा को ‘इक्कीस’ के लिए शुभकामनाएं दीं: कहा ‘तुम खास हो’
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपने नाती अगस्त्य नंदा को उनकी दूसरी फिल्म “इक्कीस” के लिए शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि अगस्त्य को पर्दे पर देखकर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है और कामना है कि वह अपने काम से परिवार का नाम रोशन करें.

श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी यह युद्ध आधारित फिल्म परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है. फिल्म का आधिकारिक ट्रेलर बुधवार को प्रोडक्शन बैनर मैडॉक फिल्म्स ने जारी किया. अमिताभ बच्चन ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर ट्रेलर साझा करते हुए लिखा, “अगस्त्य! जब तुम पैदा हुए थे, तो मैंने तुम्हें तुरंत अपनी गोद में ले लिया था… कुछ महीनों बाद फिर तुम्हें गोद में लिया और तुम्हारी कोमल उंगलियां मेरी दाढ़ी से खेलने लगीं.”

उन्होंने कहा, ”आज तुम पूरी दुनिया के सिनेमाघरों में नजर आ रहे हो… तुम खास हो… मेरी ढेर सारी दुआएं और आशीर्वाद तुम्हारे साथ हैं… तुम अपने काम से परिवार को हमेशा सम्मान और गौरव दिलाओ.” अगस्त्य, अमिताभ बच्चन की बेटी श्वेता बच्चन-नंदा और उद्योगपति निखिल नंदा के पुत्र हैं. उन्होंने 2023 में जोया अख्तर की नेटफ्लिक्स पर आई फिल्म “द आर्चीज” से अभिनय के क्षेत्र में कॅरियर की शुरुआत की थी.

फिल्म “इक्कीस” में 24 वर्षीय अगस्त्य को खेत्रपाल की भूमिका में देखा जा सकेगा, जिन्होंने 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान 21 वर्ष की आयु में शहादत दे दी थी. अपनी वीरता और बलिदान के लिए उन्हें मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था. वह इस सर्वोच्च सैन्य सम्मान को पाने वाले सबसे युवा सैन्य कर्मी बन गए थे. अगस्त्य के मामा और अभिनेता अभिषेक बच्चन ने भी फिल्म का ट्रेलर अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साझा करते हुए फिल्म के प्रति समर्थन व्यक्त किया. “इक्कीस” के जरिए अभिनेता अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया भी अपने अभिनय कॅरियर की शुरुआत कर रही हैं. वह फिल्म में अगस्त्य नंदा के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी.

अक्षय कुमार ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सिमर और अगस्त्य दोनों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “मेरी छोटी सिमी अब इतनी छोटी नहीं रही… तुम्हारे लिविंग रूम परफॉर्मेंस से लेकर ‘इक्कीस’ में बड़े पर्दे तक देखकर गर्व हो रहा है सिमर भाटिया. और अगस्त्य, पर्दे पर क्या दमदार मौजूदगी है! पूरी टीम को ढेर सारी शुभकामनाएं.” “इक्कीस” में दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र, जयदीप अहलावत और सिकंदर खेर भी अहम भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म दिसंबर में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu