अमरीश पुरी एक खुशमिजाज, अद्भुत व्यक्ति थे : हैरिसन फोर्ड

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 21 Jun 2023 09:23 PM
अमरीश पुरी एक खुशमिजाज, अद्भुत व्यक्ति थे : हैरिसन फोर्ड
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. हॉलीवुड अभिनेता हैरिसन फोर्ड ने 1984 में प्रर्दिशत फिल्म ‘इंडियाना जोंस एंड द टेंपल ऑफ डूम’ के अपने सह-कलाकार एवं दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता अमरीश पुरी को एक खुशमिजाज और अद्भुत व्यक्ति के रूप में याद किया. हैरिसन ‘इंडियाना जोंस एंड द डायल ऑफ डेस्टिनी’ में बड़े पर्दे पर इंडियाना जोंस नाम के पुरातत्वविद का लोकप्रिय किरदार निभाने के लिए तैयार हैं.

‘इंडियाना जोंस एंड द टेंपल ऑफ डूम’ में अमरीश पुरी मोला राम नाम के एक तांत्रिक की नकारात्मक भूमिका में नजर आए थे, जो मानव बलि देता है. भारतीय पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म इंडियाना जोंस शृंखला की दूसरी एक्शन फिल्म थी, जिसका निर्देशन स्टीवन स्पीलबर्ग ने किया था. हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय खलनायकों में शुमार अमरीश पुरी के बारे में पूछे जाने पर हैरिसन ने उनके साथ काम करने के दौरान के यादगार लम्हों को साझा किया.

‘पीटीआई-भाषा’ के साथ एक ऑनलाइन साक्षात्कार में हैरिसन ने कहा, “अमरीश पुरी एक शानदार व्यक्ति थे. वह बहुत ही खुशमिजाज थे. वह हमारी फिल्म में निभाए गए किरदार से रत्ती भर भी मेल नहीं खाते थे. वह बहुत बुद्धिमान और प्रगतिशील व्यक्ति थे. मैं वास्तव में उनका कायल था. उनके साथ काम करने में मुझे बहुत मजा आया था. हमने साथ में बहुत अच्छा समय बिताया था.”

अमरीश पुरी की 91वीं जयंती 22 जून को है. उन्हें भले ही ‘मिस्टर इंडिया’, ‘विश्वात्मा’ और ‘त्रिदेव’ जैसी फिल्मों में निभाए गए नकारात्मक किरदारों के लिए जाना जाता है, लेकिन वह उस दौर के सर्वश्रेष्ठ चरित्र अभिनेताओं में शुमार थे. उन्होंने ‘मंडी’, ‘परदेस’ और ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ सरीखी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय के बलबूते सिने प्रेमियों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी थी. अमरीश पुरी का 2005 में 72 साल की उम्र में मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया था.

अपनी आत्मकथा ‘द एक्ट ऑफ लाइफ’ में अमरीश पुरी ने लिखा था कि वह शुरुआत में मोला राम का किरदार निभाने को लेकर ज्यादा उत्साहित नहीं थे. खास बात यह है कि ‘इंडियाना जोंस एंड द टेंपल ऑफ डूम’ भारत में प्रर्दिशत नहीं हुई थी और स्वदेशी मीडिया ने फिल्म में काम करने के लिए अमरीश पुरी और रोहन सेठ की आलोचना करते हुए उन्हें ‘राष्ट्र विरोधी’ करार दिया था. फिल्म में एक संवाद में हेरीसन फोर्ड द्वारा मां काली के संबंध में अपमानजनक संवाद भी कहा गया था. यह फिल्म भारत की छबि विश्व स्तर पर खराब प्रदर्शित करती हैं.

आत्मकथा में अमरीश पुरी ने स्पीलबर्ग से मिले एक पत्र का भी जिक्र किया था, जिसमें उन्होंने अभिनेता को ‘अपना सर्वश्रेष्ठ खलनायक’ बताया था. ‘इंडियाना जोंस एंड द डायल ऑफ डेस्टिनी’ में हैरिसन पांचवीं बार इंडियाना जोंस का किरदार निभाते नजर आएंगे. वह पहली बार 1981 में प्रर्दिशत ‘रेडर्स ऑफ द लॉस्ट आर्क’ में इंडियाना जोंस की भूमिका में दिखे थे. इसके बाद उन्होंने ‘इंडियाना जोंस एंड द टेंपल ऑफ डूम’ (1984), ‘इंडियाना जोंस एंड द लास्ट क्रूसेड’ (1989) और ‘इंडियाना जोंस एंड द किंगडम ऑफ द क्रिस्टल स्कल’ (2008) में यह किरदार अदा किया था. ‘इंडियाना जोंस एंड द डायल ऑफ डेस्टिनी’ 29 जून को भारत के सिनेमाघरों में दस्तक देगी. यह फिल्म अंग्रेजी और हिंदी के अलावा तमिल व तेलुगु में भी प्रर्दिशत की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu