पुलिस जवानों की निष्ठा और अनुशासन से ही राज्य में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण संभव: साय

रायपुर. छत्तीसग­ढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को कहा कि पुलिस जवानों की निष्ठा और अनुशासन से ही राज्य में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण संभव हो पाता है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री साय आज रायपुर के माना स्थित छत्तीसग­ढ़ सशस्त्र बल की चौथी वाहिनी के प्रांगण में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित परेड कार्यक्रम में शामिल हुए. राज्यपाल डेका और मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों की ओर से पुलिस के शहीद वीर जवानों को नमन किया तथा शहीद स्मारक में पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

उन्होंने बताया कि राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों के परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदना व्यक्त की. इस अवसर पर उन्होंने परिजनों को शाल, श्रीफल तथा स्मृति चिन्ह भेंट किए. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 21 अक्टूबर को हम देश की सुरक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस बल के जवानों का पुण्य स्मरण करते हैं. पुलिस और सुरक्षा बल कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों के बीच चौबीसों घंटे समाज की सुरक्षा में तत्पर रहते हैं. पुलिस जवानों की निष्ठा और अनुशासन से ही राज्य में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण निर्मित होना संभव हो पाता है.

साय ने कहा, ”यह दिवस न केवल उन जवानों के पराक्रम का स्मरण कराने का अवसर है, बल्कि उनके परिजनों के त्याग को भी श्रद्धापूर्वक नमन करने का अवसर है.” मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसग­ढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध सुरक्षा बलों ने अद्वितीय साहस का परिचय दिया है और अब नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य हो रहे है. नियद नेल्ला नार, पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं से सुदूर अंचल के गांवों की तस्वीर बदल रही है.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के उन्मूलन की लड़ाई और तेज हुई है तथा राज्य सरकार मार्च 2026 तक इसके पूर्ण उन्मूलन के संकल्प के साथ दृ­ढ़तापूर्वक आगे ब­ढ़ रही है. मुख्यमंत्री ने अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और हमें कर्तव्य, अनुशासन एवं समर्पण की निरंतर प्रेरणा देता रहेगा.

वहीं राज्यपाल डेका ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पुलिस के अदम्य साहस, पराक्रम और त्याग को देश सदैव नमन करता रहेगा. उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसग­ढ़ पुलिस ने दृ­ढ़ संकल्प, साहस और निष्ठा के साथ नक्सलवाद की चुनौती का मुकाबला किया है, जिसके परिणामस्वरूप आज इन क्षेत्रों में शांति और विश्वास का वातावरण सशक्त हुआ है.

उन्होंने आशा जताई कि आने वाले समय में राज्य नक्सल समस्या से पूर्णत: मुक्त होगा. अधिकारियों ने बताया कि इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, पुलिस जवान और शहीद जवानों के परिजन उपस्थित थे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button