अंजू 20 अगस्त को भारत लौटेगी, उससे शादी की कोई योजना नहीं : पाकिस्तानी पुरुष मित्र

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 24 Jul 2023 10:02 PM
अंजू 20 अगस्त को भारत लौटेगी, उससे शादी की कोई योजना नहीं : पाकिस्तानी पुरुष मित्र
ऑडियो सुनें

पेशावर. पाकिस्तान के दूर दराज के एक गांव में फेसबुक के जरिये बने अपने पुरुष मित्र से मिलने पहुंची भारतीय महिला अंजू वीजा की अवधि पूरी होने पर 20 अगस्त को स्वदेश लौट जाएगी. यह जानकारी अंजू के पाकिस्तानी मित्र नसरुल्ला ने सोमवार को दी जिससे मिलने वह यहां आई हुई है. नसरुल्ला ने इसके साथ ही अंजू से प्रेम संबंध होने के दावों को भी खारिज किया.

नसरुल्ला (29) ने कहा कि उसकी 34 वर्षीय अंजू से विवाह करने की कोई योजना नहीं है. अंजू का जन्म उत्तर प्रदेश के कैलोर गांव में हुआ था और वह राजस्थान के अलवर में रहती थी. नसरुल्ला और अंजू की दोस्ती 2019 में फेसबुक के माध्यम से हुई थी. पेशावर से करीब 300 किलोमीटर दूर कुल्शो गांव से फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से की गई बातचीत में नसरुल्ला ने कहा, ”अंजू पाकिस्तान आई हुई है और हमारी शादी करने की कोई योजना नहीं है.”

उन्होंने कहा, ”वह 20 अगस्त को वीजा अवधि समाप्त होने पर अपने देश लौट जाएगी. अंजू मेरे घर में परिवार की अन्य महिलाओं के साथ दूसरे कमरे में रहती है.” अंजू वैध वीजा पर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा सूबे के कबाइली जिले ऊपरी दीर में नसरुल्ला से मिलने आई है.

पाकिस्तान के आंतरिक मंत्रालय द्वारा नयी दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग को भेजे गए आधिकारिक दस्तावेज के मुताबिक, अंजू को केवल ऊपरी दीर जिले के लिए 30 दिन का वीजा मंजूर करने का फैसला किया गया है. नसरुल्ला शेरिंगल स्थित विश्वविद्यालय से विज्ञान में स्नातक है और पांच भाइयों में सबसे छोटा है. उसने स्थानीय अधिकारियों को दिए हलफनामे में कहा कि उनकी दोस्ती में प्रेम का कोई कोण नहीं है और अंजू 20 अगस्त को भारत लौट जाएगी. हलफनामे के मुताबिक वह ऊपरी दीर जिले से भी बाहर नहीं जाएगी.

जिला पुलिस अधिकारी मुश्ताक खान ने कहा, ”वीजा दस्तावेजों के मुताबिक वह 20 अगस्त को वापस लौट जाएगी.” मुश्ताक ने रविवार को अंजू से अपने कार्यालय में पूछताछ की और उसके दस्तावेजों की जांच के आधार पर अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी किया गया.
नसरुल्ला ने अंजू से दोस्ती में प्रेम का कोण होने से इनकार किया है लेकिन पुलिस अधिकारी खान का कहना है कि वह ‘प्यार की वजह से’ पाकिस्तान आई है.

खान के हवाले से जियो न्यूज ने कहा, ”अंजू प्यार के खातिर नयी दिल्ली से पाकिस्तान आई है और यहां खुशी से रह रही है.” उन्होंने कहा कि अंजू के पाकिस्तान आने से जुड़ी जांच पूरी हो गई है. उन्होंने कहा, ”वह एक महीने के वीजा पर पाकिस्तान आई है और उसके सभी यात्रा दस्तावेज वैध और पूर्ण हैं. स्थानीय लोग अंजू को उपहार दे रहे हैं और वह खुशी से रह रही है.” जिला पुलिस अधिकारी ने यह भी कहा कि अंजू स्थानीय मीडिया से संवाद नहीं करना चाहती और न ही साक्षात्कार देना चाहती है.

खबर के मुताबिक, अंजू ने स्थानीय पत्रकारों को बताया कि नसरुल्ला से उसकी दोस्ती फेसबुक के माध्यम से हुई और यह ‘प्रेम संबंध’ में तब्दील हो गई. अंजू ने बताया कि नसरुल्ला से प्रेम से प्रेरित होकर वह पाकिस्तान आई है. नसरुल्ला ने कहा कि जिला प्रशासन ने उन्हें पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की है और अंजू उसके परिवार के साथ सुरक्षित है.

पश्तून बहुल गांव के लोग चाहते हैं कि अंजू सुरक्षित भारत लौट जाए क्योंकि वे नहीं चाहते कि इस घटना से उनके समुदाय की बदनामी हो. राजस्थान में रह रहे अंजू के पति अरविंद ने उम्मीद जताई है कि जल्द उसकी पत्नी वापस आ जाएगी. अंजू की 15 साल की बेटी और छह साल का बेटा है.

उसकी तरह का ही मामला सीमा गुलाम हैदर का है. चार बच्चों की मां एवं पाकिस्तानी नागरिक सीमा सचिन मीणा के साथ रहने के लिए नेपाल के रास्ते ‘अवैध’ तरीके से भारत में दाखिल हुई. सीमा की मीणा से दोस्ती 2019 में पब्जी के जरिये हुई थी. उत्तर प्रदेश पुलिस के मुताबिक, 30 वर्षीय सीमा 22 वर्षीय सचिन मीणा के साथ दिल्ली के नजदीक ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में रह रही है जहां सचिन किराने की दुकान पर काम करता है.

अंजू के पति अरविंद ने राजस्थान के भिवाड़ी में पत्रकारों को बताया कि उनकी पत्नी बृहस्पतिवार को जयपुर जाने की बात कहकर घर से निकली थी लेकिन बाद में परिवार को जानकारी मिली कि वह पाकिस्तान में है. भिवाड़ी के पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”अंजू के पति ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को घर से निकली थी और उसके पास वैध पासपोर्ट है.” उन्होंने बताया कि परिवार ने अंजू के पाकिस्तान में होने की जानकारी मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई.

अरविंद ने मीडिया को बताया कि उसकी पत्नी अंजू ने अपनी बहन को बताया कि वह लाहौर में है और बाद में उन्होंने उससे व्हाट्सऐप कॉल पर बात की. उन्होंने कहा कि वह उससे बात करेंगे और आने के लिए कहेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि अंजू जल्द घर लौट आएगी.
अरविंद ने बताया कि अंजू का 2020 में पासपोर्ट बना था क्योंकि वह विदेश में नौकरी के लिए आवेदन करना चाहती थी. उन्होंने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी कि वह सोशल मीडिया के जरिये किसी के संपर्क में है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu