अंतरिम जमानत पर रिहा आसाराम नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए इंदौर के सरकारी अस्पताल पहुंचा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 19 Feb 2025 07:20 PM
अंतरिम जमानत पर रिहा आसाराम नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए इंदौर के सरकारी अस्पताल पहुंचा
ऑडियो सुनें

इंदौर. वर्ष 2013 के बलात्कार के एक मामले में अंतरिम जमानत पर रिहा हुए स्वयंभू संत आसाराम की बुधवार को यहां एक सरकारी अस्पताल में नियमित स्वास्थ्य जांच की गई. अस्पताल के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. उच्चतम न्यायालय ने सात जनवरी को आदेश दिया था कि आसाराम (86) को चिकित्सकीय आधार पर 31 मार्च तक अंतरिम जमानत पर रिहा किया जाए. वह राजस्थान के जोधपुर के जेल में बंद था.

इंदौर के शासकीय सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सालय के अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि उनके अस्पताल में आसाराम की नियमित स्वास्थ्य जांच की गई और इस दौरान वह करीब आधे घंटे तक अस्पताल में रहा. उन्होंने विस्तृत जानकारी दिए बगैर बताया,”हमारे अस्पताल के अलग-अलग विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आसाराम की स्वास्थ्य जांच की. चिकित्सकों ने आसाराम को कुछ जांचें कराने को कहा है. जांच रिपोर्ट देखने के बाद तय किया जाएगा कि आसाराम की मौजूदा दवाइयों में कोई बदलाव किए जाने की जरूरत है या नहीं?” एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आसाराम इंदौर के खंडवा रोड स्थित अपने आश्रम में ठहरा है.

स्वयंभू संत को इस आश्रम से 31 अगस्त 2013 की देर रात गिरफ्तार किया गया था. शीर्ष अदालत ने गुजरात में बलात्कार के एक मामले में आसाराम को अंतरिम जमानत पर रिहा किया है. इस मामले में सत्र अदालत ने जनवरी 2023 में उसे दोषी ठहराया था और आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu