असम: पुलिस ने पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के खिलाफ यूएपीए के तहत प्राथमिकी दर्ज की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 17 Feb 2025 07:23 PM
असम: पुलिस ने पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के खिलाफ यूएपीए के तहत प्राथमिकी दर्ज की
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कहा कि भारत के आंतरिक और संसदीय मामलों पर सोशल मीडिया पर की गईं कथित टिप्पणियों के लिए पुलिस ने पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
इस तरह के आरोप हैं कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की ब्रिटिश मूल की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न के साथ शेख के घनिष्ठ संबंध हैं.
पाकिस्तान योजना आयोग के सलाहकार और कोलबर्न के पूर्व सहयोगी शेख पर गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘कल लिए गए मंत्रिमंडल के फैसले का पालन करते हुए असम पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज की है. सीआईडी ने यूएपीए और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अली तौकीर शेख और अन्य अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है.’ असम मंत्रिमंडल ने रविवार को कांग्रेस सांसद या उनकी ब्रिटिश पत्नी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं करने का फैसला किया था, लेकिन पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया था. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस सांसद और उनकी ब्रिटिश मूल की पत्नी पर आरोप लगाए थे कि उनका आईएसआई से संबंध है.

इस बीच, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हरमीत सिंह ने कहा, ”कैबिनेट के निर्देश पर, सीआईडी को मामला दर्ज करने के लिए कहा गया था और आज सुबह, सीआईडी पुलिस थाने में यूएपीए और बीएनएस की धाराओं के तहत अली तौकीर शेख और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.” उन्होंने कहा कि जांच शुरू की गई है और पाया गया है कि शेख की गतिविधियां राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हानिकारक हैं. डीजीपी ने कहा, ”जांच में यह भी देखा जाएगा कि क्या भारत के अंदर और बाहर, असम या शेष भारत में कोई और इसमें शामिल है.” वहीं, मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि ब्रिटिश नागरिक होने के बावजूद भी कोलबर्न द्वारा तत्कालीन कालियाबोर निर्वाचन क्षेत्र में लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान में भाग लिया गया और इस संबंध में जांच करवाने के लिए राज्य सरकार केंद्र को पत्र लिखेगी. इस सीट से गोगोई दो बार जीते थे.

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है, ”असम मंत्रिमंडल ने यह पता लगाने के लिए एक व्यापक जांच का भी निर्देश दिया है कि क्या ये गतिविधियां किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हैं तथा असम एवं भारत में ऐसे किसी भी समर्थक या सहयोगी की पहचान की जाए जो शेख के भारत विरोधी एजेंडे में सहायता कर रहे हों.” असम और भारत में शेख के नेटवर्क की जांच की जा सकती है, देश में स्थित उन व्यक्तियों, संगठनों और सहयोगियों की जांच की जा सकती है जिन्होंने भारत के खिलाफ उसके कार्यों में सहायता की. जांच के लिए केंद्र की एजेसियों और विभागों से सहायता प्राप्त की जा सकती है. गोगोई ने शुक्रवार को कहा था कि भाजपा ने उन्हें और उनके परिवार को ”बदनाम” करने की हर हद पार कर दी है. उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu