हिजबुल्ला के गढ़ से दूर उत्तर लेबनान में इजराइल के हमले में कम से कम 18 की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 14 Oct 2024 09:30 PM
हिजबुल्ला के गढ़ से दूर उत्तर लेबनान में इजराइल के हमले में कम से कम 18 की मौत
ऑडियो सुनें

दीर अल-बला. उत्तर लेबनान में सोमवार को हुए एक इजराइली हवाई हमले में कम से कम 18 लोग मारे गए हैं. लेबनान के रेड क्रॉस ने यह जानकारी दी. यह हमला सोमवार को ऐतो गांव में एक छोटे से अपार्टमेंट पर किया गया जो देश के दक्षिण और पूर्व में हिजबुल्ला चरमपंथी समूह के प्रभुत्व वाले इलाकों से दूर है.

इजराइल की सेना की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई और यह स्पष्ट नहीं हो सका कि हमले में किसे निशाना बनाया गया.
इससे कुछ घंटे पहले गाजा पट्टी में एक अस्पताल परिसर पर इजराइली हवाई हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और हमले के चलते युद्ध से विस्थापित लोगों के लिए बनाए गए एक शरणार्थी शिविर में आग लग जाने से कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए. फलस्तीनी चिकित्सकों ने यह जानकारी दी.

इजराइली सेना ने कहा कि उसने नागरिकों के बीच छिपे आतंकवादियों को निशाना बनाया था. हालांकि उसने कोई सबूत नहीं दिया.
हाल के महीनों में इजराइल ने कई बार भीड़ वाले शरणार्थी शिविरों और तंबुओं में बनाए गए शिविरों पर हमला किया है और आरोप लगाया है कि हमास के लड़ाके हमलों के लिए इनका इस्तेमाल कर रहे हैं.

दीर अल-बला में स्थित अल-अक्सा शहीद अस्पताल में पहले से ही पास के एक स्कूल पर हुए हमले में बड़ी संख्या में घायल लोगों का इलाज किया जा रहा है और अब शिविर के आग की चपेट में आ जाने की घटना सामने आई है. स्कूल में हुए उस हमले में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई थी. इस हमले में घायल हुए लोगों में बच्चे भी शामिल हैं और अस्पताल घायलों से भरा हुआ है.

अस्पताल के रिकार्ड से सामने आया है कि चार लोग मारे गए और 40 घायल हुए हैं. अल-अक्सा शहीद अस्पताल के अनुसार, गंभीर रूप से जले 25 लोगों को दक्षिणी गाजा के नासिर अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है. युद्ध के एक वर्ष से अधिक समय बाद भी इजराइल गाजा पट्टी में लगभग हर दिन हमले कर रहा है. उधर इजराइल की सेना के अनुसार उत्तर इजराइल में रविवार को एक सैन्य अड्डे पर हिजबुल्ला के ड्रोन हमले में चार सैनिक मारे गए और सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. सेना ने बताया कि लगभग दो सप्ताह पहले इजराइल द्वारा लेबनान पर शुरू किए जमीनी हमलों के बाद से यह आतंकवादी समूह द्वारा किया गया सबसे घातक हमला है.

लेबनान के हिजबुल्ला ने बिनयामीना शहर के पास हुए हमले को बेरूत पर बृहस्पतिवार को किए गए इजराइली हमलों का बदला बताया, जिसमें 22 लोग मारे गए थे. बाद में उसने कहा कि उसने इजराइल की गोलानी ब्रिगेड को निशाना बनाया और ड्रोन हमलों के दौरान इजराइली वायु रक्षा प्रणालियों पर दर्जनों मिसाइलें दागीं. इजराइल की राष्ट्रीय बचाव सेवा ने कहा कि हमले में 61 लोग घायल हुए हैं. गाजा में युद्ध शुरू होने के बाद से हिजबुल्ला और इजराइल के बीच लगभग हर दिन लड़ाई हो रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu