ऑस्ट्रिया : स्कूल में गोलीबारी में आठ छात्रों समेत नौ लोगों की मौत, हमलावर भी ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 10 Jun 2025 08:09 PM
ऑस्ट्रिया : स्कूल में गोलीबारी में आठ छात्रों समेत नौ लोगों की मौत, हमलावर भी ढेर
ऑडियो सुनें

वियना/पेरिस. ऑस्ट्रिया के ग्राज शहर के एक स्कूल में मंगलवार को हुई गोलीबारी में आठ छात्रों समेत नौ लोगों की मौत हो गई और संदिग्ध हमलावर भी मारा गया है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. पुलिस ने कहा कि उसका मानना है कि हमलावर ने घटना को अकेले अंजाम दिया. उसने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि हमलावर समेत 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं. ऑस्ट्रिया प्रेस एजेंसी की खबर के मुताबिक, मेयर एल्के काहर ने घटना को ”भयानक त्रासदी” करार दिया है.

खबर के मुताबिक, मृतकों में आठ छात्र और एक वयस्क शामिल है. अधिकारियों ने अपराधी के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी.
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे एक कॉल के बाद पुलिस समेत विशेष बलों को बोर्ग ड्रेयर्सचुटजेन्गेस्से हाई स्कूल में भेजा गया. बाद में, पुलिस ने ‘एक्स’ पर लिखा कि स्कूल को खाली करा लिया गया है और सभी को सुरक्षित जगह पर ले जाया गया है. उसने लिखा कि अब किसी तरह के खतरे की आशंका नहीं है.

ऑस्ट्रिया का दूसरा सबसे बड़ा शहर ग्राज, देश के दक्षिण-पूर्व में स्थित है और इसकी जनसंख्या लगभग 3,00,000 है. ऑ्ट्रिरया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलेन ने कहा कि इस बर्बर घटना को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा, ”वे युवा थे, जिनके सामने पूरा जीवन था. एक शिक्षक, जो उन्हें राह दिखा रहा था.”

फ्रांस में 15 वर्षीय छात्र ने बैग की जांच के दौरान स्कूल कर्मचारी की चाकू घोंपकर हत्या की

फ्रांस की राजधानी के पूर्वी क्षेत्र में स्थित मिडिल स्कूल में मंगलवार को बैग की जांच के दौरान 15 वर्षीय एक छात्र ने एक स्कूल कर्मचारी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी. आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है. राष्ट्रीय पुलिस सेवा ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि बैग की जांच में मदद कर रहा एक पुलिस अधिकारी घटना के दौरान मामूली रूप से घायल हो गया. अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है.

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि नोजेंट में बच्चों की देखभाल कर रही शैक्षिणक सहायक की हमले में मौत हो गई. उन्होंने कहा कि इस घटना से राष्ट्र शोक में है और सरकार अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए काम कर रही है.
देश में स्कूल हिंसा को लेकर चिंताएं बढ. रही हैं. शिक्षा मंत्रालय ने इस वर्ष कुछ स्कूलों में बच्चों के बैग की जांच का काम शुरू किया था, ताकि इस समस्या से निपटा जा सके.

गृह मंत्री के कार्यालय ने मंगलवार को बताया कि इस वसंत ऋतु में दो महीने की अवधि में स्कूल बैग की जांच के दौरान 186 चाकू जब्त किए गए और 32 लोगों को हिरासत में लिया गया. पुलिस ने बताया कि अप्रैल में, पश्चिमी फ्रांस में एक हाईस्कूल के छात्र ने अपने स्कूल के चार अन्य छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया था जिनमें से एक की मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हो गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu