आयुष्मान खुराना बने ‘फिट इंडिया आइकन’, सेहत के महत्व पर दिया जोर

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 17 Mar 2025 01:50 PM
आयुष्मान खुराना बने ‘फिट इंडिया आइकन’, सेहत के महत्व पर दिया जोर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को नयी दिल्ली में आयोजित समारोह में अभिनेता आयुष्मान खुराना को आधिकारिक रूप से ‘फिट इंडिया आइकन’ घोषित किया। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभिनेता अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ अभियान से जुड़ गए हैं जिसका उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।

अभियान का मकसद विभिन्न पहल और कार्यक्रमों के जरिए तंदुरूस्ती को बढ़ावा देना है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य तंदुरूस्ती को सरल, मजेदार और सहज बनाना है, ताकि लोग इसे अपनी दिनचर्या में आसानी से शामिल कर सकें।

खुराना ने कहा, “अच्छा स्वास्थ्य हमें सब कुछ करने की ताकत देता है।” उन्होंने कहा, “जब आपका स्वास्थ्य अच्छा होता है, तो जीवन की व्यक्तिगत और पेशेवर चुनौतियां भी आसान लगती हैं। लेकिन जब सेहत खराब होती है, तो वही सबसे बड़ी चुनौती बन जाती है। एक स्वस्थ व्यक्ति सक्षम और आत्मविश्वासी होता है।” खुराना ने कहा, “स्वास्थ्य ही सब कुछ है। एक स्वस्थ राष्ट्र ही समृद्ध राष्ट्र होता है।

जब हम स्वस्थ होते हैं, तो हम अधिक उत्पादक और समृद्ध होते हैं तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देते हैं।” खेल मंत्री मांडविया ने खुराना के योगदान की सराहना करते हुए कहा, “जब आप जैसे मशहूर अभिनेता इस मंच पर आकर फिट इंडिया के लिए सकारात्मक संदेश देते हैं, तो इससे लाखों युवा प्रेरित होते हैं और ‘फिट इंडिया’ अभियान से जुड़कर अपनी सेहत का ध्यान रखते हैं।”

आयुष्मान खुराना की हालिया फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ थी, जिसका निर्देशन राज शांडिल्य ने किया था। यह फिल्म वर्ष 2023 में रिलीज हुई थी और इसमें अनन्या पांडे मुख्य भूमिका में थीं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital