बाबा सिद्दीकी की हत्या से महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था की खराब स्थिति का पता चलता है: खरगे

बाबा सिद्दीकी की हत्या से पूरे देश के लोग 'खौफजदा' : केजरीवाल

कलबुर्गी/नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था की खराब स्थिति को दर्शाती है. खरगे ने कहा कि जनता आगामी चुनाव में राज्य की सत्तारूढ. गठबंधन सरकार को सबक सिखाएगी. राकांपा नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी को शनिवार को मुंबई में तीन व्यक्तियों ने गोली मार दी, जिसके बाद दो हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया.

खरगे ने अपने गृहनगर कलबुर्गी में संवाददाताओं से कहा, ”यह स्पष्ट है कि महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से विफल हो गई है, क्योंकि यह घटना सरेआम हुई.” उत्तर कर्नाटक का यह जिला महाराष्ट्र की सीमा से सटा हुआ है. खरगे के अनुसार, एक पखवाड़े पहले सिद्दीकी ने सरकार के साथ जानकारी साझा की थी कि उन पर हमला होने की आशंका है. कांग्रेस प्रमुख ने दावा किया कि सिद्दीकी ने पुलिस आयुक्त को भी इस बारे में सूचित किया था और बचेंगे या नहीं, इसको लेकर अपनी आशंका जतायी थी.

खरगे ने कहा, ”उन्हें (सिद्दीकी) कोई सुरक्षा क्यों नहीं दी गई? स्थिति इस स्तर तक क्यों पहुंची और अपराधियों को क्यों नहीं पकड़ा जा सका? इसका मतलब है कि वहां कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है.” खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार ऐसी स्थिति में है, जहां तीन दल निर्णय ले रहे हैं और नौकरशाह इस बात को लेकर उलझन में हैं कि किसकी बात सुनें और किसकी नहीं.

उन्होंने कहा, ”वहां कानून-व्यवस्था की समस्या और खराब हो गई है. आगामी चुनाव में लोग उन्हें सबक सिखाएंगे.” अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को मुंबई के बांद्रा इलाके में तीन व्यक्तियों ने सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी. इस मामले में दो हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

इस चौंकाने वाली घटना ने विपक्ष को राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाने का मौका दे दिया, जहां अगले महीने विधानसभा चुनाव होने की संभावना है. पुलिस ने बताया कि कांग्रेस के पूर्व नेता सिद्दीकी (66) को हमले के बाद लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी मृत्यु हो गई. पुलिस ने बताया कि सिद्दीकी पर उनके विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी के निर्मल नगर, बांद्रा पूर्व में कोलगेट मैदान के पास स्थित कार्यालय के बाहर हमला किया गया. सिद्दीकी ने बांद्रा (पश्चिम) सीट का विधानसभा में तीन बार प्रतिनिधित्व किया था. मुंबई के एक प्रमुख मुस्लिम नेता सिद्दीकी को कई बॉलीवुड सितारों का करीबी भी माना जाता था.

बाबा सिद्दीकी की हत्या से पूरे देश के लोग ‘खौफजदा’ : केजरीवाल

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दावा किया कि मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या से देशभर के लोग ”खौफजदा” हैं. केजरीवाल ने कहा कि गैंगस्टर ने दिल्ली में भी लगभग इसी तरह का माहौल बना दिया है. केजरीवाल ने किसी का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि ”वे” पूरे देश में ”गैंगस्टर राज” लाना चाहते हैं और लोगों को उनके खिलाफ खड़ा होना ही होगा.

केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मुंबई में सरेआम राकांपा नेता की गोली मारकर हत्या की इस वारदात से न केवल महाराष्ट्र बल्कि देशभर के लोग खौफजदा हैं. इन्होंने दिल्ली में भी कमोबेश यही माहौल बना दिया है. ये लोग पूरे देश में गैंगस्टर राज लाना चाहते हैं. जनता को अब इनके खिलाफ खड़ा होना ही पड़ेगा.” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महाराष्ट्र की ‘महायुति’ गठबंधन सरकार में सहयोगी है जबकि केंद्र में वह सरकार का नेतृत्व कर रही है.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button