फरीदाबाद. नूंह हिंसा के आरोपी और गौरक्षक बिट्टू बजरंगी का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें वह और उसके साथी कथित तौर पर एक युवक की पुलिस की मौजूदगी में बेरहमी से पिटाई करते दिख रहे हैं. पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह बुधवार को कहा कि इस मामले में थाना सारन पुलिस ने बिट्टू बजंरगी व अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
पुलिस ने बताया कि घटना के दौरान मौजूद दिख रहे पुलिसकर्मी को निलंबित करने पर विचार किया जा रहा है. पीड़ित श्यामू ने अपनी शिकायत में कहा कि उसकी पिटाई इसलिए की गई कि राजकुमार पांचाल उर्फ बिट्टू बजरंगी को लगा कि वह एक मुस्लिम है. इंटरनेट पर प्रसारित वीडियो में दिख रहा है कि कुछ युवकों ने पीड़ित के दोनों हाथ और पैर पकड़ रखे हैं और बिट्टू बजरंगी उस पर डंडे बरसा रहा है. वायरल वीडियो में वर्दी पहने एक पुलिसकर्मी भी बिट्टू बजरंगी के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है.
फरीदाबाद के संजय एन्क्लेव में किराये पर रहने वाले श्यामू श्यामू द्वारा सारन पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, घटना सोमवार को हुई जब वह एक लड़की के साथ चॉकलेट खरीदने के लिए दुकान पर जा रहा था. श्यामू ने कहा कि कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और बजरंगी के घर ले गए जहां उसने उसे नीचे गिरा दिया, लाठियों से पीटा और जान से मारने की धमकी दी.
उसने शिकायत में कहा, ”वह लड़की मेरी बेटी की तरह है, लेकिन कुछ गलतफहमी के कारण वे मुझे बिट्टू बजरंगी के पास ले गये जिसने बिना किसी कारण यह सोचकर मेरे साथ मारपीट की कि मैं मुस्लिम समुदाय से हूं.” शिकायत के आधार पर बजरंगी और उसके सहयोगियों के खिलाफ बुधवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 323 (चोट पहुंचाना), 341 (गलत तरीके से रोकना), 506 (आपराधिक धमकी) और 34 (साझा मंशा से कई व्यक्तियों द्वारा किए गए कृत्य) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई.
थाना प्रभारी संग्राम दहिया ने कहा, ”प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिसकर्मी के निलंबन की अनुशंसा भी वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई है. हम इस मामले की जांच कर रहे हैं और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.” हरियाणा के नूंह में पिछले साल हुई हिंसा के मामले में बजरंगी को गिरफ्तार किया गया था और वह अभी जमानत पर बाहर है.