मतगणना के दिन भाजपा के झूठ और ‘एक्जिट पोल’ से सावधान-सतर्क रहें: अखिलेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 31 May 2024 07:25 PM
मतगणना के दिन भाजपा के झूठ और ‘एक्जिट पोल’ से सावधान-सतर्क रहें: अखिलेश
ऑडियो सुनें

लखनऊ. विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) के प्रमुख घटक समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से मतगणना के दिन सावधान और सक्रिय रहने की अपील करते हुए कहा कि झूठ फैलाकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोग आप सबका मनोबल गिराना चाहते हैं.

उन्­होंने यह भी अनुरोध किया कि आप लोग किसी भी ‘भाजपाई’ ‘एग्जिट पोल’ के बहकावे में नहीं आएं और पूरी तरह से सतर्क रहें.
सपा प्रमुख अखिलेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्­स’ पर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और प्रत्याशियों को संबोधित एक संदेश में कहा, ”मैं आज आपसे एक बेहद जरूरी अपील कर रहा हूं. आप सब कल (शनिवार) वोटिंग के दौरान और वोटिंग के बाद के दिनों में भी, मतगणना खत्म होने और जीत का र्सिटफिकेट मिलने तक पूरी तरह से सजग, सतर्क, सचेत और सावधान रहिएगा और किसी भी प्रकार के भाजपाई बहकावे में नहीं आइएगा.”

यादव ने अपनी इस अपील की वजह स्पष्ट करते हुए इसी संदेश में कहा, ”दरअसल ये अपील हम इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि भाजपा वालों ने ये योजना बनायी है कि कल शाम को चुनाव खत्म होते ही, वो अपनी ‘मीडिया मंडली’ से विभिन्न चैनलों पर ये कहलवाना शुरू करेंगे कि भाजपा को लगभग 300 सीट मिल रही है जो कि पूरी तरह से झूठ है.” पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ”ऐसे में आपके मन में ये सवाल उठेगा कि भाजपा को इस दो-तीन दिन का झूठ बोलने से क्या मिलेगा, जबकि ‘इंडिया गठबंधन’ की सरकार बनने जा रही है.” उन्­होंने मतगणना में धांधली की आशंका जताते हुए कहा कि ऐसा झूठ फैलाकर भाजपा वाले आप सबका मनोबल गिराना चाहते हैं, जिससे आपका उत्साह कम हो जाए और आप लोग मतगणना के दिन सावधान और सक्रिय न रहें, जिसका फायदा उठाते हुए भाजपा कुछ भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत से मतगणना में धांधली कर सके.

यादव ने चंडीगढ़ के महापौर चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जो भाजपाई चंडीगढ़ के महापौर चुनाव में अदालत द्वारा लगवाए गये कैमरों के सामने धांधली करने का बेशर्म दुस्साहस कर सकते हैं, वे चुनाव जीतने के लिए कोई भी घपला-घोटाला करने के लिए उतारू हो सकते हैं, इसीलिए ये सजगता जरूरी है.

सपा प्रमुख ने कहा कि लोगों को किसी भी भाजपाई ‘एग्जिट पोल’ के बहकावे में आए बिना चौकन्ना रहते हुए आत्मविश्वास के साथ डटे रहना है. उन्होंने कहा कि जीत का प्रमाण-पत्र हासिल करने के बाद ही संविधान, लोकतंत्र और देश की जनता की जीत का उत्सव मनाएं. उप्र में सातवें और अंतिम चरण में 13 सीट पर शनिवार को वोट पड़ेंगे और चार जून को मतगणना होगी. राज्­य में कुल 80 सीट हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu