बेटी का पिता बनना एक अनोखा अनुभव है: वरुण धवन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 15 Dec 2024 08:27 PM
बेटी का पिता बनना एक अनोखा अनुभव है: वरुण धवन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन ने कहा कि एक बेटी का पिता बनना उनके लिए अद्भुत अनुभव रहा. वरुण धवन की पत्नी नताशा दलाल ने इस साल तीन जून को बेटी को जन्म दिया था. उसका नाम लारा रखा गया. अभिनेता ने कहा कि घर में जब से बिटिया ने जन्म लिया तब से उनमें बहुत बदलाव आए हैं.

वरुण ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”एक बेटी का पिता बनना अनोखा अनुभव है. यह आपको पूरी तरह से बदल देता है. आपको एहसास होता है कि आपकी सोच में कितना बदलाव आ गया है. बचपन में आपकी मां ने जो कुछ भी सिखाया होता है वह सब आपके दिमाग में वापस आने लगता है. जब नताशा ने बच्ची को जन्म दिया तो मेरे मन में सबसे पहला ख्याल यही आया कि मैं अपनी मां के साथ कभी-कभी इतना बुरा बर्ताव कैसे कर सकता हूं.”

उन्होंने कहा, ”कोई भी अपनी मां के साथ इतना उद्दंड कैसे हो सकता है, खासकर तब जब वह अपने बच्चे का नौ महीने तक गर्भ में पालन-पोषण करती है…बेटी का पिता बनना एक अद्भुत अनुभव रहा. बेटी होने से आपको जीवन के बारे में बहुत कुछ सीखने को मिलता है और यह भी पता चलता है कि एक पुरुष होने का क्या मतलब है.” अभिनेता अपनी आगामी फिल्म ‘बेबी जॉन’ का प्रचार करने के लिए दिल्ली आए थे.

फिल्म ‘बेबी जॉन’ एक्शन-ड्रामा पर आधारित है और कलीस ने इस फिल्म का निर्देशन किया है. यह फिल्म 25 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. वरुण ने दिल्ली की यात्रा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर शाह के साथ फोटो साझा करते हुए लिखा, ”इनके सामने तो हम सब ‘बेबी’ हैं. दिल्ली में माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी से मिलकर बहुत खुशी हुई.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu