बंगाल: ममता की अपील के बाद कई निजी स्कूलों ने नौ मई से र्गिमयों की छुट्टियां घोषित कीं

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 09 May 2025 03:55 PM
बंगाल: ममता की अपील के बाद कई निजी स्कूलों ने नौ मई से र्गिमयों की छुट्टियां घोषित कीं
ऑडियो सुनें

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष के मद्देनजर शैक्षणिक संस्थानों से एक सप्ताह पहले छुट्टियां देने का आग्रह किए जाने के बाद राज्य के कई निजी स्कूलों ने शुक्रवार से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। सेंट जेवियर्स इंस्टीट्यूशन-सोदपुर, जूलियन डे स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल रूबी पार्क उन स्कूलों में शामिल हैं, जिन्होंने बनर्जी की अपील के बाद शुक्रवार से ग्रीष्मकालीन छुट्टियों की घोषणा की है।

सोदपुर स्थित सेंट जेवियर्स इंस्टीट्यूशन की प्रधानाचार्य लिपिका घोष ने कहा, “हमने 13 मई तक कक्षाएं आयोजित करने का कार्यक्रम बनाया था… लेकिन, उभरते हालात को देखते हुए और मुख्यमंत्री के सुझाव के अनुसार हमने छुट्टी की तारीख को कुछ दिन पहले कर दिया है।”

जूलियन डे स्कूल के प्रवक्ता ने कहा, “हमने मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद ग्रीष्मकालीन अवकाश की तिथि 16 मई से बदलकर नौ मई कर दी है।” दिल्ली पब्लिक स्कूल रूबी पार्क ने भी शुक्रवार से एक महीने की छुट्टियों की घोषणा की है।

ला मार्टिनियर स्कूल फॉर बॉयज एंड गर्ल्स के सचिव सुप्रियो धर ने कहा, “मुख्यमंत्री के अनुरोध के बाद, हमने आज से 16 मई तक आॅनलाइन कक्षाएं शुरू करने का फैसला किया है। हमने पहले 17 मई से छुट्टियां करने की घोषणा की थी और वह बरकरार है।”

मुख्यमंत्री ने बुधवार को राज्य के निजी स्कूलों से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के मद्देनजर नौ मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने की अपील की थी। राज्य सरकार द्वारा संचालित और सरकार से सहायता प्राप्त स्कूलों में अत्यधिक गर्मी के कारण 30 अप्रैल से ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो चुका है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital